Page Loader
रिलायंस AGM: जियो 5G सेवा इस साल तक पूरे देश में उपलब्ध होगी- मुकेश अंबानी
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने आज अपनी 46वीं AGM आयोजित की है

रिलायंस AGM: जियो 5G सेवा इस साल तक पूरे देश में उपलब्ध होगी- मुकेश अंबानी

Aug 28, 2023
02:56 pm

क्या है खबर?

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने आज अपनी 46वीं वार्षिक आम बैठक (AGM) आयोजित की है। AGM की शुरुआत करते हुए रिलायंस इंडस्ट्रीज अध्यक्ष मुकेश अंबानी ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) को चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को लेकर बधाई दी। अपने संबोधन के शुरुआत में ही उन्होंने रिलायंस इंडस्ट्रीज के राजस्व और बीते कुछ वर्षों में निवेश किए गए आंकड़ों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जियो 5G को लेकर भी जानकारी दी है।

निवेश

बीते 10 साल में रिलायंस ने इतना किया निवेश

अंबानी ने कहा, "मुझे एक और साल के शानदार प्रदर्शन की रिपोर्ट करते हुए खुशी हो रही है। रिलायंस का राजस्व 9,748 अरब रुपये रहा।" उन्होंने बताया कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने पिछले 10 वर्षों में 150 अरब डॉलर (लगभग 12,393 अरब रुपये) का निवेश किया है। बता दें, वित्तीय वर्ष 2023 के रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध लाभ 736 अरब रुपये रहा है। अंबानी ने कहा कि जियो 5G की सेवा इस साल तक पूरे देश में उपलब्ध होगी।

जियो 5G

96 प्रतिशत शहरों में उपलब्ध है जियो 5G

अंबानी ने कहा, "रिलायंस जियो को 7 साल पहले एक महत्वाकांक्षी मिशन के साथ लॉन्च किया गया था। अब हमारी महत्वाकांक्षा भारत के तटों से आगे बढ़ गई है। हमने पिछले साल अक्टूबर में 5G लॉन्च किया था। 9 महीने में ही जियो 5G देश के 96 प्रतिशत से शहरों में मौजूद है।" उन्होंने बताया कि भारत में 5G सेल 85 प्रतिशत जियो के नेटवर्क में है और कंपनी हर सेकंड में एक 5G सेल से जुड़ रही है।