Page Loader
रेखा झुनझुनवाला हर महीने कमाती हैं 650 करोड रुपये, जानिए उनकी कुल संपत्ति
रेखा झुनझुनवाला को अपने पति राकेश झुनझुनवाला से करोड़ों की संपत्ति विरासत में मिली है (तस्वीर: फोर्ब्स)

रेखा झुनझुनवाला हर महीने कमाती हैं 650 करोड रुपये, जानिए उनकी कुल संपत्ति

Apr 02, 2023
10:35 am

क्या है खबर?

रेखा झुनझुनवाला को अपने दिवंगत पति राकेश झुनझुनवाला से संपत्ति और स्टॉक पोर्टफोलियो विरासत में मिले हैं। इसी संपत्ति और स्टॉक के बदौलत रेखा 'M3M हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2023' में शीर्ष भारतीय के रूप में उभरी हैं। उनका जन्म 12 सितंबर, 1963 को हुआ था। अपनी स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पूरी की और 1987 में उन्होंने राकेश झुनझुनवाला से शादी की।

संपत्ति

रेखा झुनझुनवाला का वेतन और कुल संपत्ति

रेखा के पति राकेश की अगस्त, 2022 में 62 वर्ष की आयु में मृत्यु हो गई और उस समय उनकी संपत्ति लगभग 47,664 करोड़ रुपये थी। उद्योग क्षेत्र में योगदान के लिए राकेश को 22 मार्च, 2023 को मरणोपरांत पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, रेखा प्रतिमाह लगभग 650 करोड़ रुपये तक कमाती हैं और उनकी संपत्ति लगभग 25,655 करोड़ रुपये है। रेखा के शेयरों में टाइटन, मेट्रो ब्रांड्स, स्टार हेल्थ और एलाइड इंश्योरेंस कंपनी शामिल हैं।