Page Loader
RBI गर्वनर शक्तिकांत दास का बढ़ सकता है कार्यकाल, महाराष्ट्र चुनाव के बाद घोषणा 
RBI गर्वनर शक्तिकांत दास का बढ़ सकता है कार्यकाल

RBI गर्वनर शक्तिकांत दास का बढ़ सकता है कार्यकाल, महाराष्ट्र चुनाव के बाद घोषणा 

लेखन गजेंद्र
Nov 19, 2024
12:50 pm

क्या है खबर?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गर्वनर शक्तिकांत दास को दूसरा कार्यकाल विस्तार मिलने की संभावना है। इसकी घोषणा महाराष्ट्र चुनाव के बाद हो सकती है। रॉयटर्स के मुताबिक, केंद्रीय बैंक के गर्वनर का मौजूदा कार्यकाल 10 दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इस बीच उनके कार्यकाल को कम से कम एक और साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। अभी तक न तो किसी दूसरे उम्मीदवार पर विचार किया जा रहा है और न ही कोई चयन समिति बनी है।

कार्यकाल

दिसंबर 2018 में संभाला का कामकाज

शक्तिकांत दास ने दिसंबर 2018 में RBI का कामकाज संभाला था। यह वह दौर था जब केंद्र सरकार और RBI के बीच संबंध तनावपूर्ण चल रहे थे। दास के नेतृत्व में कई चुनौतियां रही हैं। उन्होंने कोरोना महामारी से लेकर मुद्रास्फीति के दबाव और वैश्विक वित्तीय अनिश्चितताओं के दौरान अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने पर काम किया है। उनके कार्यकाल विस्तार से सरकार का उन पर भरोसा दिख रहा है। अंतिम निर्णय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेना है।

सेवा

1960 के बाद पहली बार लंबे समय तक पद पर रहा

अगर शक्तिकांत दास के नाम पर मुहर लगती है तो वह 1960 के दशक के बाद से RBI में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले गर्वनर बन जाएंगे। दास से पहले बेनेगल राम राव RBI गवर्नर के रूप में सबसे ज़्यादा समय तक सेवा दे चुके हैं। राव ने 1949-1957 के बीच 7 साल से अधिक समय तक केंद्रीय बैंक का नेतृत्व किया था। दास ने 2023 में सामान्य 5 साल का सेवा कार्यकाल सीमा पार कर लिया था।