क्वालकॉम दुनियाभर में करने जा रही कर्मचारियों की छंटनी, नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया
क्या है खबर?
अमेरिकी टेक कंपनी क्वालकॉम बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी नवंबर से दुनियाभर में नौकरियों में कटौती शुरू कर सकती है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस्टियानो अमोन ने सोमवार को कर्मचारियों को भेजे एक आंतरिक मैसेज में इसकी जानकारी दी है। हालांकि, कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि इस फैसले से कितने कर्मचारियों की नौकरी जाएगी और किन देशों में इसका असर पड़ेगा।
वजह
स्मार्टफोन चिप कारोबार में सुस्ती बनी बड़ी वजह
क्वालकॉम का स्मार्टफोन चिप कारोबार चुनौतियों का सामना कर रहा है।
स्मार्टफोन की मांग पर दबाव और मेमोरी की बढ़ती कीमतों से बाजार प्रभावित हो रहा है। कंपनी ने अपने मुनाफे को लेकर भी उम्मीद से कमजोर अनुमान दिया है। इसके अलावा, ऐपल के उत्पादों से होने वाली कमाई में पहले के अनुमान से ज्यादा तेजी से गिरावट आने की आशंका है।
कंपनी का कहना है कि छंटनी का उद्देश्य कारोबार की जरूरतों के अनुसार संगठन को तैयार करना है।
विभाग
कंपनी ने नहीं दी विभाग की जानकारी
क्वालकॉम ने अभी उन विभागों के नाम नहीं बताए हैं, जहां कर्मचारियों की छंटनी होगी।
कंपनी अपने कारोबार की जरूरतों, भविष्य की योजनाओं और कर्मचारियों की योग्यता के आधार पर पदों की समीक्षा कर रही है। इसका असर किन टीमों पर पड़ेगा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
कंपनी के अनुसार, सितंबर 2025 तक दुनियाभर में उसके करीब 52,000 कर्मचारी थे। नवंबर में प्रभावित कर्मचारियों को छंटनी से जुड़ी सूचना मिलनी शुरू होने की उम्मीद है।
अन्य
स्मार्टफोन से आगे कारोबार बढ़ाने की तैयारी
क्वालकॉम अब स्मार्टफोन के अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले डाटा सेंटर, वाहन तकनीक और इंटरनेट से जुड़े उपकरणों के कारोबार में विस्तार करना चाहती है।
कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 तक स्मार्टफोन से बाहर के कारोबार से होने वाली चिप बिक्री में बड़ी बढ़ोतरी होगी। इससे ऐपल से मिलने वाली कमाई में संभावित कमी की भरपाई करने में मदद मिल सकती है।
कंपनी बदलती कारोबारी जरूरतों के अनुसार कर्मचारियों के जिम्मेदारियों में बदलाव करना चाहती है।