LOADING...
पेट्रोल 87 और डीजल 91 पैसे महंगा, 9 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज फिर बढ़ोतरी हुई है

पेट्रोल 87 और डीजल 91 पैसे महंगा, 9 दिन में तीसरी बार बढ़े दाम

May 23, 2026
08:39 am

क्या है खबर?

देश में शनिवार (23 मई) को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है, जिससे आम जनता को झटका लगा है। अब एक लीटर पेट्रोल 87 पैसे महंगा हो गया, जबकि डीलज पर 91 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। पिछले 9 दिनों में यह पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तीसरी बार वृद्धि है। इस सप्ताह की शुरुआत में ईंधन पर 90 पैसे और कुछ दिन पहले 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।

कारण 

इस कारण बढ़ रहे दाम

बढ़ोतरी की प्रमुख कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि है। अमेरिका और ईरान में युद्ध शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर (करीब 6,500 रुपये) से अब बढ़कर 100 डॉलर (करीब 6,500 रुपये) प्रति बैरल के पार पहुंच गए। कच्चे तेल के भाव बढ़ने से पेट्रोलियम कंपनियाें ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर, तेल में लंबे समय तक तेजी रहती है तो पेट्रोल-डीजल और महंगा हो सकता है।

असर 

कीमतें बढ़ने का यह होगा असर 

पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से जनता पर महंगाई का बोझ और बढ़ेगा। ट्रक और टेंपो समेत अन्य ट्रांसपोर्ट वाहनों का किराया बढ़ जाएगा, जिससे दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियां, फल और राशन महंगे हो जाएंगे। ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाने के लिए किसानों को ज्यादा खर्च करना होगा, जिससे अनाज की लागत बढ़ेगी। इसके अलावा, सार्वजनिक परिवहन के साधनों का भी किराया बढ़ने से लोगों का आवागमन महंगा हो जाएगा।

Advertisement

दाम 

4 महानगरों में मौजूदा कीमत 

वृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल के दाम 92.49 रुपये पर पहुंच गए हैं। मुंबई में एक लीटर पेट्रोल 107.59 रुपये की जगह 108.49 रुपये और डीजल 94.08 रुपये की जगह 95.02 रुपये में खरीदा जा सकेगा। कोलकाता में पेट्रोल और डीजल के नए दाम क्रमश: 110.64 रुपये, 97.02 रुपये हो गए हैं। इसी प्रकार चेन्नई में पेट्रोल के लिए 105.31 रुपये और डीजल के लिए 96.98 रुपये चुकाने होंगे।

Advertisement

निर्धारण 

ऐसे तय होते हैं दाम 

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर के मुकाबले रुपए की स्थिति के आधार पर देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतें तय होती हैं। सरकारी पेट्रोलियम कंपनियां 'डेली प्राइस रिवीजन' के तहत हर दिन सुबह 6 बजे नए दर अपडेट करती हैं। कच्चे तेल की बेस प्राइस के अलावा इसमें रिफाइनिंग और कंपनियों का चार्ज, केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी, डीलर कमीशन और राज्य सरकार का वैट (VAT) जुड़ जाता है, जिससे तेल महंगा हो जाता है।

Advertisement