त्योहारों की ऑनलाइन बिक्री में सुस्ती, शुरुआती 4 दिनों में 10 प्रतिशत तक गिरावट का अनुमान
क्या है खबर?
भारत में इस साल त्योहारों के दौरान ऑनलाइन शॉपिंग की शुरुआत कमजोर रही है। डेटम इंटेलिजेंस के अनुसार, 7 से 10 अक्टूबर के बीच ई-कॉमर्स बिक्री का कुल मूल्य 29,800 से 30,900 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 33,200 करोड़ रुपये था। इस तरह बिक्री में सालाना आधार पर 7 से 10 प्रतिशत की गिरावट आ सकती है। महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान इसकी बड़ी वजह बताए जा रहे हैं।
असर
महंगे मोबाइल और लैपटॉप से खरीदारी पर असर
विशेषज्ञों के मुताबिक, मेमोरी और दूसरे जरूरी उपकरणों की कीमतें बढ़ने से स्मार्टफोन और लैपटॉप महंगे हुए हैं।
ऐसे में ग्राहक पुराने उपकरण बदलने या नए खरीदने में सावधानी बरत रहे हैं। डेटम इंटेलिजेंस के संस्थापक सतीश मीणा ने कहा कि पिछले साल GST दरों में कटौती से बड़ी खरीदारी को बढ़ावा मिला था, लेकिन इस बार ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ।
इसके बावजूद फैशन, सौंदर्य उत्पादों और दूसरी श्रेणियों में खरीदारी से ऑर्डर संख्या बनी हुई है।
फैशन
फैशन की बिक्री में भी तेजी
रेडसीर के मुताबिक, 8 और 9 अक्टूबर को ई-कॉमर्स कंपनियों ने करीब 24,000 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की।
इस दौरान 8 से 9 करोड़ ऑर्डर दिए गए और 6 से 6.5 करोड़ खरीदारों ने खरीदारी की। फैशन श्रेणी की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 22 से 25 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान है।
छोटे शहरों में भी लोग त्योहारों के लिए कपड़े खरीद रहे हैं। रेडसीर को उम्मीद है कि शुरुआती 11 दिनों में 10 करोड़ खरीदार खरीदारी करेंगे।
अनुमान
कुल बिक्री में मोबाइल की हिस्सेदारी घटने का अनुमान
डेटम इंटेलिजेंस के अनुसार, इस साल त्योहारों की कुल ऑनलाइन बिक्री में स्मार्टफोन की हिस्सेदारी पिछले साल के 35 प्रतिशत से घटकर 30 प्रतिशत रह सकती है।
मोबाइल बिक्री की वृद्धि दर भी 2025 के 26 प्रतिशत से घटकर 6 प्रतिशत रहने का अनुमान है। वहीं, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स और घरेलू उपकरणों की बिक्री में क्रमशः 26 और 35 प्रतिशत वृद्धि हो सकती है।
विशेषज्ञों को उम्मीद है कि पूरे त्योहारों के दौरान ई-कॉमर्स बिक्री 25-30 प्रतिशत बढ़ सकती है।