प्रियागोल्ड बिस्किट में हो रहा पशु चारे के चोकर का इस्तेमाल, अब होगी कानूनी कार्रवाई
क्या है खबर?
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने प्रियागोल्ड बिस्कुट बनाने में पशु चारे के चोकर का इस्तेमाल करने और अन्य गंभीर उल्लंघनों के लिए सूर्या फूड एंड एग्रो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा, FSSAI के नियमों और कानूनों के गंभीर उल्लंघन के लिए डोडला डेयरी और UEIR ऑर्गेनिक फूड्स के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में खाद्य नियामक ने इस कार्रवाई की जानकारी दी है।
कमियां
निरीक्षण में मिली ये कमियां
FSSAI के अनुसार, शिकायत के बाद सूर्या फूड एंड एग्रो के प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान पशुओं चारे के चोकर का उपयोग प्रियागोल्ड बिस्किट बनाने में फाइबर के स्रोत के रूप में होना पाया गया, जबकि यह इंसानों के खाने के लिए नहीं है।
इसके अलावा, प्लांट की साफ-सफाई, कीट नियंत्रण, कच्चे माल के भंडारण, कर्मचारियों की स्वच्छता में कमियां पाई गई।
पहले निरीक्षण में कमियां मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित किया गया, लेकिन अब कानूनी कार्रवाई होगी।
मिलावट
दूध में मिलाया जा रहा डिटर्जेंट
दोडला डेयरी के मामले में FSSAI ने पाया कि फुल क्रीम दूध का नमूना घटिया गुणवत्ता का था। जांच के लिए डेयरी से फुल क्रीम दूध का एक नमूना लिया गया था।
खाद्य विश्लेषक ने पाया कि दूध में फैट की मात्रा तय मानकों के अनुसार नहीं थी। नमूने में डिटर्जेंट/कॉस्टिक सोडा होने के कारण वह असुरक्षित था।
अधिकारियों ने असुरक्षित और घटिया खाद्य पदार्थों के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।