Loading...
जियो का IPO जल्द होगा लॉन्च, 1,065 से 1,119 रुपये हो सकता है शेयर प्राइस बैंड
जियो का IPO जल्द होगा लॉन्च

जियो का IPO जल्द होगा लॉन्च, 1,065 से 1,119 रुपये हो सकता है शेयर प्राइस बैंड

Oct 09, 2026
08:02 pm

क्या है खबर?

रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स अपना IPO लाने की तैयारी कर रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी एक शेयर की कीमत 1,065 से 1,119 रुपये के बीच तय कर सकती है। इस IPO के जरिए कंपनी का लक्ष्य करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये का मूल्यांकन हासिल करना है। अगर योजना इसी कीमत पर आगे बढ़ती है, तो यह भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO बन सकता है।

IPO

21 अक्टूबर से खुल सकता है IPO

मिली जानकारी के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 अक्टूबर को निवेशकों के लिए खुल सकता है और 23 अक्टूबर को बंद हो सकता है।

बड़े संस्थागत निवेशकों के लिए एंकर बुक 19 अक्टूबर को खुलने की योजना है। वहीं, कंपनी के शेयरों की बाजार में खरीद-बिक्री 28 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है।

हालांकि, ये तारीखें और कीमतें अभी अंतिम नहीं हैं। बातचीत जारी है और कंपनी इनमें बदलाव कर सकती है।

लक्ष्य

30,000 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने का लक्ष्य

प्रस्तावित कीमत के ऊपरी स्तर पर जियो प्लेटफॉर्म्स इस IPO से करीब 30,200 करोड़ रुपये जुटा सकती है।

कंपनी ने जून में लगभग 27 करोड़ नए शेयर जारी करने के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल किए थे। ये शेयर कंपनी की कुल हिस्सेदारी का करीब 2.93 प्रतिशत होंगे।

इस पेशकश का आकार अक्टूबर, 2024 में हुंडई मोटर इंडिया के करीब 27,800 करोड़ रुपये के IPO से बड़ा हो सकता है। इससे भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की दिलचस्पी भी परखी जाएगी।

ADVERTISEMENT

अनुमान

पहले लगाए जा रहे थे ज्यादा मूल्यांकन के अनुमान

जियो प्लेटफॉर्म्स के मूल्यांकन को लेकर पहले इससे ज्यादा अनुमान लगाए गए थे।

कुछ समय पहले कंपनी का मूल्य 130-170 अरब डॉलर तक आंका जा रहा था, जबकि अब लक्ष्य करीब 107 अरब डॉलर रखा गया है। भारतीय शेयर बाजार में गिरावट के कारण IPO की कीमतों को लेकर उम्मीदें भी बदली हैं।

कंपनी ने इस पेशकश की तैयारी के लिए 19 बैंकों को नियुक्त किया है। इनमें कोटक महिंद्रा कैपिटल, मॉर्गन स्टेनली, सिटीग्रुप और बैंक ऑफ अमेरिका शामिल हैं।

ADVERTISEMENT