इंडिगो की वेबसाइट हुई डाउन, टिकट बुकिंग समेत कई सेवाएं प्रभावित
क्या है खबर?
एयरलाइंस कंपनी इंडिगो की वेबसाइट आज आउटेज की समस्या का सामना कर रही है। इस तकनीकी समस्या के कारण बड़े स्तर पर यात्रियों को टिकट बुक करने समेत अन्य सेवाओं का उपयोग करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई यूजर्स को फ्लाइट खोजते समय "कोई डाटा उपलब्ध नहीं है" का मैसेज दिखाई दे रहा है। कुछ यात्रियों ने ऑनलाइन चेक-इन पूरा नहीं होने की शिकायत भी सोशल मीडिया पर की है।
समस्या
इंडिगो ने समस्या की पुष्टि की
इंडिगो ने एक्स पर समस्या की पुष्टि करते हुए बताया कि उसके मुख्य टिकट बुकिंग सिस्टम में रुक-रुककर परेशानी आ रही है।
कंपनी के अनुसार, उसकी टीमें समस्या को ठीक करने के लिए काम कर रही हैं। जिन यात्रियों को तुरंत यात्रा करनी है, उन्हें सहायता केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
वहीं बाद में यात्रा करने वाले यात्रियों से रुककर वेबसाइट या ऐप दोबारा खोलने को कहा गया है। कंपनी ने परेशानी के लिए माफी मांगी।
बुकिंग
तीन शहरों में बुकिंग प्रभावित हुई
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, कम से कम तीन भारतीय शहरों में इंडिगो की वेबसाइट से टिकट बुक नहीं हो पा रहे थे।
एक अन्य यात्रा वेबसाइट पर भी एयरलाइन के तकनीकी सिस्टम में परेशानी का मैसेज दिखाई दिया। इंडिगो देश की सबसे बड़ी एयरलाइन है और घरेलू विमानन बाजार में उसकी हिस्सेदारी 65 प्रतिशत से ज्यादा है।
इससे पहले दिसंबर में भी एयरलाइन को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा था, जब करीब 4,500 उड़ानें रद्द हुई थीं।