इंडिगो की वेबसाइट फिर हुई डाउन, हफ्ते में दूसरी बार तकनीकी दिक्कत
क्या है खबर?
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की वेबसाइट में शुक्रवार को एक बार फिर तकनीकी परेशानी सामने आई। इस वजह से कई यात्री फ्लाइट बुक नहीं कर सके, जबकि कुछ यूजर्स को ऐप में लॉगिन करने में भी दिक्कत हुई। एयरलाइन ने अपनी सर्विस एडवाइजरी में बताया कि उसके मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में बीच-बीच में समस्या आ रही थी। यह इस सप्ताह इंडिगो की ऑनलाइन सेवाओं में आई दूसरी बड़ी रुकावट है, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
समस्या
बुकिंग और चेक-इन में आई परेशानी
दिक्कत के दौरान वेबसाइट पर फ्लाइट खोजने या बुकिंग करने की कोशिश करने वाले कुछ यात्रियों को 'कोई डाटा उपलब्ध नहीं है' का मैसेज दिखाई दिया।
कई यूजर्स ने सोशल मीडिया पर एयरलाइन से शिकायत करते हुए बताया कि बुकिंग, वेब चेक-इन और पेमेंट कन्फर्मेशन में परेशानी हो रही है। कुछ यात्रियों ने ऐप में लॉगिन नहीं कर पाने की भी जानकारी दी।
हालांकि, एयरलाइन ने अभी तक तकनीकी समस्या की सटीक वजह सार्वजनिक नहीं की है।
मामला
इसी सप्ताह दूसरी बार हुई समस्या
शुक्रवार की यह परेशानी बुधवार को आई तकनीकी दिक्कत के बाद हुई है।
उस समय भी इंडिगो ने अपने मुख्य रिजर्वेशन प्लेटफॉर्म में रुक-रुककर समस्या आने की बात स्वीकार की थी। एयरलाइन ने कहा कि उसकी टीमें तकनीकी साझेदार के साथ मिलकर समस्या को जल्द ठीक करने पर काम कर रही हैं।
एयरलाइन को पिछले दिसंबर में भी बड़ी परिचालन समस्या का सामना करना पड़ा था। पायलट रोस्टर योजना में गड़बड़ी के कारण करीब 4,500 उड़ानें रद्द हुई थीं।