FD पर कैसे मिलेगा ज्यादा रिटर्न? बस अपनाने हैं ये तरीके
क्या है खबर?
निवेश का सुरक्षित और जोखिम मुक्त विकल्प में फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) एक लोकप्रिय विकल्प है। इसमें पैसा जमा करने पर ब्याज मिलता रहेगा और पैसा सुरक्षित भी रहेगा। अगर, आप कुछ समझदारी दिखाते हैं तो FD से और भी ज्यादा फायदा उठाया जा सकता है। पैसा एक ही लंबी अवधि के लिए डालने के बजाय अलग-अलग समय के लिए छोटी-छोटी FD बनाने जैसे कदम इसमें मददगार साबित हो सकते हैं। आइये जानते हैं FD पर ज्यादा रिटर्न कैसे मिलेगा।
FD लैडरिंग
छोटी-छोटी अवधि के लिए करें निवेश
एक ही लंबी अवधि की FD में पूरा पैसा लगाने के बजाय इसको 1 साल, 3 साल और 5 साल जैसी अलग-अलग अवधि के लिए बांट दें। इसे FD लैडरिंग कहते हैं। इससे छोटी अवधि की FD मैच्योर होने पर आप उसे नई और ज्यादा ब्याज दर पर फिर से निवेश कर सकते हैं। साथ ही, जरूरत पड़ने पर कुछ पैसा आसानी से मिल जाता है और लंबी अवधि की FD तोड़नी नहीं पड़ती है।
विकल्प
ब्याज के लिए चुनें सही विकल्प
FD में ब्याज मासिक, तिमाही या मैच्योरिटी पर एक साथ लेने का विकल्प मिलता है। आप एक FD से मासिक या तिमाही ब्याज लेकर खर्च पूरे कर सकते हैं, जबकि दूसरी को संचयी (ब्याज पर ब्याज) में रखें, ताकि मैच्योरिटी पर ज्यादा रकम मिले। इससे नियमित आय और बचत दोनों का संतुलन बनता है। हर बैंक की FD ब्याज दर अलग होती है। ऐसे में निवेश करने से पहले सरकारी और निजी बैंकों की दरें जरूर तुलना करें।
तुलना
बैंकों की ब्याज दरों की करें तुलना
सरकारी, निजी और स्मॉल फाइनेंस बैंक अलग-अलग ब्याज दरें देते हैं। इसलिए, अलग-अलग बैंकों में FD करना सही रहता है और जाेखिम भी कम होगा। इसके अलावा, आपको ज्यादा ब्याज कमाने का मौका मिलता है। अगर, एक बैंक दर घटा दे तो दूसरी FD पर असर नहीं पड़ता है। बैंक स्पेशल FD स्कीम्स में अक्सर बेहतर रिटर्न देते हैं। ऐसे में इन स्कीम्स पर नजर रखने से आपको फायदा हो सकता है।