Page Loader
आपका आधार कार्ड कितनी बार हो चुका है अपडेट? इस तरह करें चेक
आपका आधार कार्ड कितनी बार हो चुका है अपडेट

आपका आधार कार्ड कितनी बार हो चुका है अपडेट? इस तरह करें चेक

Feb 10, 2022
09:31 pm

क्या है खबर?

सरकारी योजनाओं के अलावा आधार कार्ड का इस्तेमाल पहचान पत्र के रूप में भी होता है। जिसके लिए आधार कार्ड को निरंतर सुरक्षित बनाया जा रहा है। इसके अलावा ग्राहकों के द्वारा भी कई बार जानकारियों को अपडेट किया जाता है, लेकिन अपडेट करने की कुछ सीमा है। ऐसे में आपका यह जानना बहुत जरूरी है कि आपका आधार कार्ड कितनी बार अपडेट हो चुका है। इस आसान प्रक्रिया से जानें कितनी बार अपडेट हुआ है आपका आधार कार्ड।

सीमा

कितनी है आधार को अपडेट करने की सीमा?

आधार कार्ड को अपडेट करने के लिए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के सख्त नियम हैं। इन नियमों के मुताबिक आधार कार्ड में अधिकतम दो बार ही नाम को बदला जा सकता है। इसके अलावा जन्मतिथि को बदलने के लिए UIDAI की तरफ से सिर्फ एक ही मौका दिया गया है। वहीं लिंग बदलने की बात करें तो UIDAI के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति अपने आधार कार्ड में लिंग केवल एक बार ही अपडेट करा सकता है।

प्रक्रिया

इस तरह चेक करें कितनी बार अपडेट हुआ आपका आधार

आधिकारिक वेबसाइट www.uidai.gov.in पर जाएं। अब इसके बाद आपको माय आधार सेक्शन चुनना पडे़गा। यहां पर आपको अपडेट आधार पर जाकर अपडेट हिस्ट्री पर क्लिक करें। अब नए पेज पर अपना आधार नंबर और वर्चुअल ID दर्ज करें। इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए कैब्चा कोड भरें, जिसके बाद आपके रजिस्टर नंबर पर OTP आएगा। OTP दर्ज करने के बाद सबमिट पर क्लिक करें। इस प्रक्रिया के बाद आधार अपडेट की पूरी हिस्ट्री आपके सामने होगी।

जानकारी

तय संख्या के बाद इस तरह कर सकेंगे अपडेट

अपडेट हिस्ट्री के मुताबिक, अगर आधार कार्ड अपडेट की सीमा खत्म हो चुकी है तो फिर भी आप परेशान न हों। दरअसल, अपडेट सीमा खत्म होने के बाद भी आप आधार कार्ड में जानकारी अपडेट करा सकते हैं। इसके लिए आपको एक्सेप्शन हैंडलिंग प्रोसेस के माध्यम से होकर गुजरना पड़ेगा। इस प्रोसेस को शुरू करने के लिए सबसे पहले आपको UIDAI के क्षेत्रीय कार्यालय जाने की आवश्यकता पड़ सकती है।

अपडेट की प्रक्रिया

ऐसे अपडेट करें आधार कार्ड

आधार अपडेट करने के लिए अपॉइंटमेंट बुक करनी होगी। सबसे पहले uidai.gov.in पर जाएं। इसके बाद 'माय आधार' पर क्लिक कर 'बुक एन अपॉइंटमेंट' चुनें। इसके बाद शहर चुनें। इस प्रक्रिया के बाद 'प्रोसीड टू अपॉइंटमेंट' पर क्लिक करें। मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद आपके फोन नंबर पर एक OTP आएगा। इसके बाद आधार डिटेल और खुद की जानकारी भरें और अपनी मनपसंद तारीख चुनें। अब आपको बुकिंग नंबर मिल जाएगा। आधार सेवा केंद्र जाकर आधार अपडेट कारवां लें।

डाटा

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

UIDAI के आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 57,57,86,857 बार आधार अपडेट हो चुके हैं, वहीं अब तक यह संस्था 1,32,35,39,524 आधार कार्ड जारी कर चुकी है। इसके अलावा 67,15,32,92,583 बार आधार कार्ड का प्रमाणीकरण हो गया है।