GST राजस्व में 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी, अगस्त में 1.60 लाख करोड़ रुपये रहा
क्या है खबर?
वस्तु और सेवा कर (GST) राजस्व अगस्त के महीने में काफी शानदार रहा। सालाना आधार पर पिछले साल के मुकाबले इस साल अगस्त में इसमें 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा ने शुक्रवार को बताया कि अगस्त, 2022 में GST कलेक्शन 1,43,612 करोड़ रुपये रहा था, वहीं इस बार इसमें 11 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है और यह 1.60 लाख करोड़ रुपये रहा।
खुशखबरी
कैसे बढ़ा GST राजस्व?
राजस्व सचिव मल्होत्रा ने अपेक्षित GST से जुड़े एक सवाल का जवाब देते हुए बताया कि टैक्स की कम चोरी और अनुपालन के बढ़ने से अगस्त ,2023 में GST राजस्व में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
बताया जा रहा है कि अगर टैक्स चोरी कम रही तो आने वाले समय में त्योहारों को देखते हुए खरीदारी बढ़ेगी, जिससे बाजारों में रौनक रहेगी। ऐसे में GST राजस्व में आने वाले समय में और बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
कर
पांचवीं बार 1.6 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा GST राजस्व
जानकारी के मुताबिक, यह पांचवीं बार है जब GST राजस्व 1.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहा है। इससे पहले जुलाई, 2022 में GST राजस्व 1.65 लाख करोड़ रुपये रहा था।
देश में 2017 में GST लागू होने के बाद अप्रैल, 2023 में सबसे ज्यादा राजस्व 1.87 लाख करोड़ रुपये पहुंचा था।
वित्त वर्ष 2021-22 में औसत GST राजस्व 1.10 लाख करोड़, 2022-23 में 1.51 लाख करोड़ और 2023-24 की पहली तिमाही में 1.69 लाख करोड़ रुपये रहा था।