Page Loader
गूगल के कर्मचारियों ने छंटनी को लेकर लंदन में किया वॉकआउट
पिछले महीने ज्यूरिख कार्यालय के कर्मचारियों ने भी वॉकआउट किया था (तस्वीर: अनस्प्लैश)

गूगल के कर्मचारियों ने छंटनी को लेकर लंदन में किया वॉकआउट

Apr 04, 2023
07:21 pm

क्या है खबर?

गूगल के सैकड़ों कर्मचारियों ने छंटनी को लेकर खड़े हुए विवाद के बाद मंगलवार को लंदन स्थित कार्यालय से वॉकआउट किया। यह वॉकआउट ट्रेड यूनियन यूनाइट के अगुवाई में किया गया, जिसके सदस्यों में गूगल के यूनाइटेड किंगडम (UK) के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं। यूनियन के क्षेत्रीय अधिकारी मैट व्हाली ने कहा, "गूगल को हमारी सलाह सुनने की जरूरत है। सभी कर्मचारी और यूनियन तब तक पीछे नहीं हटेंगे, जब तक गूगल कर्मचारियों से सम्मान के साथ व्यवहार नहीं करती।"

छंटनी

गूगल में छंटनी

गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट ने इसी साल जनवरी महीने में अपने 12,000 कर्मचारियों की छंटनी करने की घोषणा की, जो कंपनी के कुल कार्यबल के 6 प्रतिशत के बराबर है। पिछले महीने, स्विट्जरलैंड में कंपनी के ज्यूरिख कार्यालय के कर्मचारियों ने भी वॉकआउट किया था। ज्यूरिख में कर्मचारी प्रतिनिधियों ने दावा किया कि गूगल ने नौकरी में कटौती कम करने के उनके सभी प्रस्तावों को खारिज कर दिया था।