Page Loader
देश में सोने की कीमतें 97,460 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची
देश में सोने की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर (तस्वीर: पिक्साबे)

देश में सोने की कीमतें 97,460 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची

Apr 17, 2025
12:25 pm

क्या है खबर?

भारत में सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। आज इसमें 1,000 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी हुई, जिससे यह अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। दिल्ली में 22 कैरेट सोना अब 89,350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है, जबकि 24 कैरेट शुद्ध सोना 97,460 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर मिल रहा है। दूसरी ओर, चांदी की कीमतें 1 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास स्थिर बनी हुई हैं।

वजह

कीमतों में बढ़ोतरी की वजह क्या है? 

सोने की कीमतों में इस बढ़ोतरी के पीछे अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनिश्चितता, टैरिफ को लेकर चिंता और डॉलर-रुपया विनिमय दर जैसे कारण हैं। इसके अलावा, आयात शुल्क, वैश्विक मांग-आपूर्ति का असर और निवेशकों का सुरक्षित संपत्ति की ओर रुझान भी घरेलू बाजार पर गहरा प्रभाव डालते हैं। भारत जैसे देशों में, त्योहारों और शादियों के मौसम में सोने की मांग और भी बढ़ जाती है, जिससे कीमतों में उछाल आना स्वाभाविक होता है।

खरीदारी

कौन सा सोना लोग ज्यादा खरीदते हैं और क्यों?

भारत में 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध माना जाता है और निवेश के लिए बेहतर विकल्प समझा जाता है। 22 कैरेट सोना आभूषणों के लिए उपयुक्त होता है, इसलिए इसे ज्यादा खरीदा जाता है। इसकी चमक और टिकाऊपन इसे खास बनाती है। अधिक मांग के कारण अहमदाबाद और पटना जैसे शहरों में 22 कैरेट सोने की कीमत 89,240 रुपये और 24 कैरेट सोने की कीमत 97,360 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई है।