दुनिया के स्मार्टफोन बाजार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट, शिपमेंट 22 प्रतिशत घटी
क्या है खबर?
दुनियाभर में स्मार्टफोन बाजार की स्थिति बिगड़ती जा रही है। रिसर्च कंपनी IDC के मुताबिक, सितंबर तिमाही में स्मार्टफोन की शिपमेंट में 22 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह बाजार के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट बताई गई है। कंपनी का अनुमान है कि आने वाले समय में हालात और खराब हो सकते हैं। इसका असर मोबाइल बनाने वाली कंपनियों के कारोबार, कमाई और नए फोन पेश करने की योजनाओं पर पड़ रहा है।
मेमोरी
मेमोरी महंगी होने से बढ़ी कंपनियों की परेशानी
IDC के मुताबिक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) उद्योग की बढ़ती मांग के कारण मेमोरी की कीमतों में भारी उछाल आया है।
इससे स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनियों की लागत बढ़ गई है और उनके मुनाफे पर दबाव पड़ रहा है। कंपनियां अब फोन की कीमतें बढ़ाने, कुछ मॉडल में सुविधाएं घटाने और सस्ते फोन की पेशकश कम करने को मजबूर हैं।
पिछले साल से मेमोरी की कीमतें करीब 350 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं और इनमें अब भी तेजी बनी हुई है।
आशंका
शाओमी और ओप्पो को ज्यादा नुकसान की आशंका
मेमोरी की बढ़ती कीमतों का असर सभी मोबाइल कंपनियों पर एक जैसा नहीं पड़ रहा है।
IDC के अनुसार, शाओमी और ओप्पो जैसे चीनी ब्रांड इस स्थिति से ज्यादा प्रभावित हुए हैं। वहीं, ऐपल और सैमसंग ने अपने महंगे स्मार्टफोन की मजबूत बिक्री के कारण बेहतर प्रदर्शन किया है। कंपनियों के लिए सस्ते फोन बनाना मुश्किल होने से बाजार में महंगे मॉडल की हिस्सेदारी बढ़ सकती है।
इससे प्रीमियम फोन बेचने वाली कंपनियों को फायदा मिलने की संभावना है।
बाजार
2028 से पहले बाजार में सुधार की उम्मीद कम
IDC का मानना है कि स्मार्टफोन बाजार में यह गिरावट केवल अस्थायी परेशानी नहीं है, बल्कि उद्योग में बड़े बदलाव का संकेत है।
कंपनी को 2028 से पहले बाजार की वृद्धि में सुधार की उम्मीद नहीं है। IDC की रिसर्च डायरेक्टर नबीला पोपल ने कहा कि मौजूदा संकेत बताते हैं कि बाजार अभी सबसे निचले स्तर पर नहीं पहुंचा है।
उनके मुताबिक, मेमोरी की बढ़ती लागत से कंपनियों के मुनाफे और फोन की आपूर्ति पर दबाव बना रहेगा।