FSSAI ने एवरेस्ट को जीरा पाउडर वापस मंगाने का दिया आदेश, जानिए क्या है वजह
क्या है खबर?
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स को बाजार से 'प्री-पैक्ड जीरा पाउडर' वापस मंगाने का निर्देश दिया है क्योंकि नूमने की जांच में इसे खाने के लिए असुरक्षित पाया गया। FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कंफेक्शनर्स का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है। रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में खाद्य सुरक्षा नियामक ने बताया कि वह देशभर में ग्राहकों की सेहत की सुरक्षा के लिए कड़े नियमों का पालन करवा रहा है।
कार्रवाई
गोवा से लिया गया था नमूना
FSSAI ने बताया कि साफ-सफाई में भारी कमियों के कारण क्रिएटिव बेकर्स एंड कंफेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
इसके अलावा, गोवा में 'रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स के परिसर से 'प्री-पैक्ड जीरा पाउडर' का एक नमूना लिया गया।
खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम जैसे कीटनाशकों के अंश तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाए गए। खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत नमूने को असुरक्षित घोषित किया गया।
अपील
कंपनी को दिया गया था अपील का मौका
कंपनी को रिपोर्ट के खिलाफ अपील करने का मौका दिया गया, जिसके बाद नमूने को रेफरल फूड लेबोरेटरी भेजा गया।
यहां भी पुष्टि की कि नमूना असुरक्षित था क्योंकि इसमें एजोक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम की मात्रा तय अधिकतम सीमा से ज्यादा पाई गई।
इसके बाद नियामक ने 'प्री-पैक्ड जीरा पाउडर' के उस पूरे बैच को तुरंत बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया। साथ ही वापस मंगाए गए उत्पाद का पूरा रिकॉर्ड रखने और रिपोर्ट जमा करने को कहा है।