फ्लिपकार्ट इस साल अपने 5,000 कर्मचारियों की नहीं करेगी वेतन वृद्धि
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने हाल ही में घोषणा की है कि कंपनी के शीर्ष 30 प्रतिशत कर्मचारियों को इस साल वेतन वृद्धि नहीं मिलेगी।
कंपनी के इस फैसले से लगभग 5,000 कर्मचारियों को वेतन वृद्धि नहीं मिलेगी। हालांकि, फ्लिपकार्ट स्टॉक और बोनस सभी कर्मचारियों को देगी।
मनीकंट्रोल की एक रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारियों को फ्लिपकार्ट के चीफ पीपल ऑफिसर (CPO) कृष्णा राघवन द्वारा भेजे गए एक ईमेल के माध्यम से निर्णय के बारे में सूचित किया गया है।
वेतन वृद्धि
ग्रेड 9 के नीचे कर्मचारियों को ही मिलेगी वेतन वृद्धि
फ्लिपकार्ट के CPO ने कर्मचारियों को अपने मेल में घोषणा की कि इस साल वेतन वृद्धि केवल 70 प्रतिशत कर्मचारियों के लिए शुरू की जाएगी।
राघवन ने बताया कि कंपनी ग्रेड 9 और उससे नीचे के कर्मचारियों को वेतन वृद्धि में प्राथमिकता देगी। ग्रेड 10 या उससे ऊपर के कर्मचारियों को इस साल वेतन वृद्धि का लाभ नहीं मिलेगा।
बता दें, फ्लिपकार्ट ने अपना वार्षिक प्रदर्शन और मूल्यांकन पूरा करने के बाद यह निर्णय लिया है।