एलन मस्क नहीं रहें खरबपति, एक दिन में 3,500 अरब रुपये घटी संपत्ति
क्या है खबर?
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क को बड़ा झटका लगा है। स्पेस-X और टेस्ला के शेयरों में गिरावट के कारण एक ही दिन में उनकी संपत्ति 36.4 अरब डॉलर (लगभग 3,500 अरब रुपये) घट गई। फोर्ब्स के अनुसार, 8 अक्टूबर को उनकी अनुमानित कुल संपत्ति गिरकर 991.6 अरब डॉलर (लगभग 95,200 अरब रुपये) रह गई। इस नुकसान के साथ ही वह उनका खरबपति का दर्जा चला गया। 3 दिन पहले ही उन्होंने यह स्तर दोबारा हासिल किया था।
शेयर
स्पेस-X और टेस्ला के शेयरों में गिरावट
मस्क की संपत्ति घटने के पीछे स्पेस-X और टेस्ला के शेयरों में आई गिरावट अहम वजह रही। स्पेस-X के शेयर करीब 3.5 प्रतिशत टूट गए।
निवेशकों को चिंता है कि कंपनी एनवीडिया के चिप खरीदने के लिए 40 अरब डॉलर जुटाने की योजना बना रही है।
वहीं, टेस्ला के शेयर भी 2 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए। दोनों कंपनियों के शेयरों में कमजोरी का सीधा असर मस्क की कुल संपत्ति पर पड़ा।
अन्य कारोबारी
एनवीडिया और ओरेकल के प्रमुखों को भी नुकसान
टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में गिरावट का असर दूसरे बड़े कारोबारियों की संपत्ति पर भी पड़ा है।
एनवीडिया के प्रमुख जेन्सेन हुआंग की कुल संपत्ति 6.1 अरब डॉलर घटकर 199.3 अरब डॉलर रह गई। वहीं, ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन की संपत्ति में 8.9 अरब डॉलर की कमी आई और यह 176.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई।
फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची में हुआंग सातवें और एलिसन आठवें स्थान पर रहे।
अन्य
टेक और AI शेयरों में बिकवाली से बाजार कमजोर
अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली ने गिरावट बढ़ा दी।
गुरुवार को नैस्डैक 100 सूचकांक 1.4 प्रतिशत गिरा, जबकि S&P 500 में 0.5 प्रतिशत की कमी आई। चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयरों का फिलाडेल्फिया सेमीकंडक्टर सूचकांक भी 3.4 प्रतिशत टूट गया।
OpenAI की कमाई और ओरेकल के कामकाज को लेकर आई खबरों ने निवेशकों की चिंता बढ़ाई, जिससे बाजार पर दबाव देखने को मिला है।