Page Loader
एलन मस्क 400 अरब डॉलर की संपत्ति बनाने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने 
एलन मस्क की संपत्ति दुनिया में सबसे ज्यादा हो गई है (तस्वीर: एक्स/@stephen_taylor)

एलन मस्क 400 अरब डॉलर की संपत्ति बनाने वाले दुनिया के पहले व्यक्ति बने 

Dec 12, 2024
10:27 am

क्या है खबर?

दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क ने एक और उपलब्धि अपने नाम कर ली है। टेस्ला और स्पेस-X जैसी कंपनियों के मालिक मस्क 40,000 करोड़ डॉलर (करीब 33.94 लाख करोड़ रुपये) की संपत्ति (नेटवर्थ) तक पहुंचने वाले पहले व्यक्ति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, उनकी संपत्ति 44,700 करोड़ डॉलर हो गई है। यह दुनिया के दूसरे सबसे अमीर अमेजन के प्रमुख जेफ बेजोस की संपित्त से करीब 20,000 करोड़ डॉलर ज्यादा है।

कारण 

इस कारण बढ़ी मस्क की संपत्ति

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, एक ही दिन में एलन मस्क की संपित्त में 6,280 करोड़ डॉलर का इजाफा देखने को मिला है, जिसके बाद उनकी संपत्ति 40,000 करोड़ डॉलर को पार करते हुए 44,700 करोड़ डॉलर हो गई है। यह उछाल स्पेस-X के शेयर में बिकवाली चलते आया है। इस बिकवाली के बाद एलन मस्क की संपत्ति में 5,000 करोड़ डॉलर का इजाफा हुआ है। साल 2024 में ही उनकी संपत्ति में 21,800 करोड़ डॉलर की बढ़ोतरी आई है।

फायदा 

ट्रंप की जीत से मस्क को मिला फायदा 

अमेरिका में हुए राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत के बाद से ही एलन मस्क की संपत्ति में लगातार उछाल देखा जा रहा है। उनकी संपत्ति में 183 अरब डॉलर की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है। दूसरी ओर टेस्ला के शेयरों में 4 दिसंबर के बाद से 72 फीसदी से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला है। इसके अलावा शेयर बिक्री से स्पेस-X का कुल मूल्यांकन लगभग 35,000 डॉलर हो गया।