एलन मस्क फिर बने खरबपति, संपत्ति बढकर 100 लाख करोड़ रुपये हुई
क्या है खबर?
एलन मस्क एक बार फिर खरबपति बन गए हैं। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, सोमवार (5 अक्टूबर) को उनकी संपत्ति 65 अरब डॉलर बढ़कर 1.04 लाख करोड़ डॉलर (लगभग 100 लाख करोड़ रुपये) पहुंच गई। यह करीब तीन महीने बाद हुआ है, जब उनकी कुल संपत्ति फिर 13 अंकों में पहुंची है। मस्क की संपत्ति में यह तेज बढ़ोतरी उनकी कंपनियों के शेयरों में आए उछाल से जुड़ी है। वह जून में भी दुनिया के पहले खरबपति बने थे।
वजह
कैसे आई संपत्ति में उछाल?
मस्क की संपत्ति बढ़ने की सबसे बड़ी वजह स्पेस-X और टेस्ला के शेयरों में आई तेजी है।
अक्टूबर की शुरुआत से स्पेस-X के शेयर करीब 13 प्रतिशत और टेस्ला के शेयर 6.7 प्रतिशत बढ़े हैं। सोमवार को मॉर्गन स्टेनली के विश्लेषकों ने स्पेस-X को अंतरिक्ष और खुफिया क्षेत्र में आगे बढ़ने का सस्ता विकल्प बताया।
इससे कंपनी के शेयर अगस्त के निचले स्तर से करीब 58 प्रतिशत ऊपर पहुंच गए और मस्क की संपत्ति भी बढ़ी।
बिक्री
टेस्ला की बेहतर बिक्री से मिला फायदा
टेस्ला के शेयरों में तेजी के पीछे कंपनी की हालिया बिक्री भी एक वजह रही।
पिछले सप्ताह टेस्ला ने तीसरी तिमाही में उम्मीद से बेहतर बिक्री की जानकारी दी थी। इसके बाद कंपनी के शेयरों में मजबूती आई।
ब्लूमबर्ग के अनुसार, स्पेस-X और टेस्ला में मस्क की हिस्सेदारी उनकी कुल संपत्ति का 98 प्रतिशत से ज्यादा हिस्सा है। इसलिए इन दोनों कंपनियों के शेयरों में होने वाली तेजी या गिरावट का सीधा असर उनकी संपत्ति पर पड़ता है।
खरबपति
जून में पहली बार बने थे खरबपति
मस्क जून में पहली बार दुनिया के पहले खरबपति बने थे।
उस समय स्पेस-X की कीमत में तेज बढ़ोतरी के कारण उनकी संपत्ति रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। हालांकि, कंपनी के बहुत ज्यादा मूल्यांकन को लेकर चिंता बढ़ने के बाद शेयरों में गिरावट आई और मस्क ने कुछ समय बाद यह दर्जा खो दिया।
जुलाई के अंत तक उनकी संपत्ति अपने उच्चतम स्तर से 600 अरब डॉलर से ज्यादा नीचे आ गई थी।