Loading...
ई-कॉमर्स कंपनियों ने फेस्टिव सेल के पहले 2 दिनों में 24,000 करोड़ रुपये का सामान बेचा
फेस्टिव सेल के पहले 2 दिनों में ऑनलाइन शॉपिंग जबरदस्त रही है

ई-कॉमर्स कंपनियों ने फेस्टिव सेल के पहले 2 दिनों में 24,000 करोड़ रुपये का सामान बेचा

Oct 11, 2026
08:06 pm

क्या है खबर?

ई-कॉमर्स कंपनियों ने त्योहारी सीजन की बिक्री के पहले 2 दिनों में लगभग 24,000 करोड़ रुपये का सामान बेचा है। यह आंकड़ा रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स की रिपोर्ट में सामने आया है। ऑर्डर की संख्या में वृद्धि के कारण यह बिक्री हुई है, जिसमें मोबाइल फोन का मूल्य के हिसाब से सबसे बड़ा हिस्सा है। कंसल्टेंसी फर्म का अनुमान है कि खरीदारों ने अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, एजियो और कई अन्य मार्केटप्लेस समेत सभी प्लेटफॉर्म पर लगभग 8-9 करोड़ ऑर्डर दिए।

वजह 

ऑर्डर की संख्या में हुआ इजाफा 

रेडसीर स्ट्रैटेजी कंसल्टेंट्स के पार्टनर निखिल दलाल ने PTI को बताया कि शुरुआती 2 दिनों से पता चलता है कि भारत में फेस्टिव ई-कॉमर्स का दायरा बढ़ रहा है।

यह ग्रोथ ऑर्डर की संख्या में बढ़ोतरी की वजह से हो रही है क्योंकि ग्राहक अब केवल मोबाइल ही नहीं, बल्कि फैशन, इलेक्ट्रॉनिक्स और अप्लायंसेज पर भी खर्च कर रहे हैं।

इस दौरान ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) 24,200 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा और करीब 6-6.5 करोड़ खरीदारों ने खरीदारी की।

उत्पाद 

बिक्री में कौनसे उत्पाद सबसे आगे?

अनुमानों के अनुसार, बड़े अप्लायंसेज और इलेक्ट्रॉनिक्स की बिक्री बाजार की तुलना में तेजी से बढ़ी, जबकि वैल्यू के हिसाब से मोबाइल सबसे बड़ी श्रेणी बने रहे।

कुल बिक्री में मोबाइल फोन का हिस्सा 38-40 फीसदी या लगभग 9,100-9,600 करोड़ रुपये रहा।

रेडसीर का अनुमान है कि कुल बिक्री में कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स का हिस्सा लगभग 25-27 फीसदी या 6,000-6,500 करोड़ रुपये और फैशन उत्पादों का हिस्सा 15-18 फीसदी या लगभग 3,630-4,350 करोड़ रुपये के दायरे में रहा।

ADVERTISEMENT