डाक विभाग हिमाचल प्रदेश में 110 मार्गों पर करेगा ड्रोन डिलीवरी का विस्तार
क्या है खबर?
आधुनिकता की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए डाक विभाग ने अपनी ड्रोन-आधारित मेल और पार्सल डिलीवरी सेवा का विस्तार करने की घोषणा की है। यह पहल हिमाचल प्रदेश के 110 मार्गों पर शुरू की जाएगी, जिसमें दूर-दराज और दुर्गम पहाड़ी गांव शामिल होंगे। इससे उन क्षेत्रों तक डाक पहुंचाना आसान होगा, जहां सड़क मार्ग से पहुंचने में अधिक समय लगता है। यह घोषणा विश्व डाक दिवस के मौके पर प्रदेश के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने की।
शुरुआत
इसी साल अगस्त में शुरू हुई थी सेवा
ड्रोन डिलीवरी सर्विस मेल और पार्सल पहुंचाने में समय बचाने और भरोसेमंद सेवा देने के मकसद से शुरू की गई थी।
यह सर्विस अभी 36 मार्गों पर चल रही है और इसके अच्छे नतीजे मिल रहे हैं। इसे सबसे पहले इस साल 13 अगस्त को शुरू किया गया था, जब मंडी मुख्य पोस्ट ऑफिस से रेहरधर ब्रांच पोस्ट ऑफिस तक ड्रोन के जरिए राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाया गया था।
अब इसका दायरा बढ़ाकर अधिक दुर्गम क्षेत्रों को जोड़ने की तैयारी है।
मकसद
राष्ट्रीय डाक सप्ताह का आयोजन
यह घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब हिमाचल प्रदेश पोस्टल सर्कल 9 से 15 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मना रहा है।
इस साल की थीम डाक सेवाओं में टेक्नोलॉजी और नवाचार के बढ़ते इस्तेमाल पर केंद्रित है, ताकि नागरिकों के लिए इन्हें और अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाया जा सके।
सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि यह पहल विभाग की ओर से अपने कामकाज में ज्यादा टेक्नोलॉजी को शामिल करने की कोशिश का हिस्सा है।