दिल्ली NCR में फिर बढ़े CNG के दाम, जानिए कितना हुआ इजाफा
क्या है खबर?
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में शनिवार को बढ़ोतरी के बाद दिल्ली NCR के लोगों को CNG के दामों बढ़ोतरी का झटका लगा है। इस बार प्रति किलोग्राम एक रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पिछले 10 दिन के भीतर ऐसा तीसरी बार हुआ है, जब दाम बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में शुक्रवार (22 मई) तक CNG का भाव 80.09 रुपये प्रति किलोग्राम था, जो अब बढ़कर 81.09 रुपये पर पहुंच गया है। इससे लोगों की जेब पर बोझ बढ़ गया है।
असर
कीमतें बढ़ने का यह होगा असर
CNG के दाम बढ़ने से सबसे ज्याजा असर ऑटो, कैब, टैक्सी और निजी वाहन चालकों पर पड़ेगा। इससे लाेगों का आवागमन का किराया बढ़ जाएगा। इसके अलावा CNG से चलने वाले मालवाहक वाहनों का किराया भी ज्यादा देना पडेगा। लगातार बढ़ रही CNG की कीमतों से निजी वाहन चालकों के लिए सफर महंगा हो गया है, जिन्होंने किफायती होने के कारण इस ईंधन विकल्प वाली कार को चुना था। गैस की बढ़ती कीमतों ने परिचालन लागत बढ़ा दी है।
पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल भी हो गया महंगा
इससे पहले पेट्रोलियम कंपनियों ने आज ही पेट्रोल-डीजल के दामों में बढ़ोतरी की घोषणा की है। पेट्रोल पर 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल पर 91 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है। इससे दिल्ली में आज एक लीटर पेट्रोल और डीजल के दाम क्रमश: 99.51 रुपये और 92.49 रुपये हो गए हैं। यह पिछले 9 दिनों में तीसरी बार बढ़ोतरी है। इससे पहले 15 मई 3 रुपए और 19 मई को 90 पैसे का इजाफा किया गया था।