LOADING...
कैपजेमिनी करेगी 45,000 कर्मचारियों की भर्ती, जानिए कब तक का है लक्ष्य 
कैपजेमिनी इस साल में 45,000 कर्मचारियों की भर्ती करेगी (तस्वीर: एक्स/@nikhildethe18)

कैपजेमिनी करेगी 45,000 कर्मचारियों की भर्ती, जानिए कब तक का है लक्ष्य 

Aug 02, 2025
06:43 pm

क्या है खबर?

भारतीय IT क्षेत्र में बड़े पैमाने पर छंटनी के बीच कैपजेमिनी इंडिया 2025 में एक बड़े भर्ती अभियान की शुरुआत करने की तैयारी में है। वह 40,000 से 45,000 कर्मचारियों की नियुक्ति की योजना बना रही है। कंपनी के CEO अश्विन यार्डी ने बताया कि इनमें से 35 से 40 फीसदी नियुक्तियां लेटरल होंगी, जिसका उद्देश्य प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से अनुभवी प्रतिभाओं को लाना है। शेष पदों पर देशभर के 50 से अधिक कॉलेजों के स्नातकों को नियुक्त किया जाएगा।

योजना 

भर्ती काे लेकर क्या है कंपनी की योजना?

द हिंदू बिजनेसलाइन की एक रिपोर्ट के अनुसार, यह कदम भारत में IT सर्विसेज की बढ़ती मांग को देखते हुए उठाया गया है। वर्तमान में कैपजेमिनी पूरे भारत में लगभग 1.75 लाख लोगों को रोजगार देती है। कंपनी ने इस व्यापक भर्ती पहल का समर्थन करने के लिए कई कॉलेजों के साथ साझेदारी की है और इस सीजन के लिए भर्ती प्रक्रिया में जुटी हुई है। नए कर्मचारियों का मुख्य ध्यान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में प्रारंभिक प्रशिक्षण पर होगा।

अधिग्रहण 

WNS का किया अधिग्रहण 

कंपनी ने बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) फर्म WNS के 3.3 अरब डॉलर (करीब 283 अरब रुपये) के अधिग्रहण की घोषणा की है। इस रणनीतिक कदम का उद्देश्य एडवांस, ऑटोमेटेड सर्विसेज की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपनी क्षमताओं का संयोजन करना है। पारंपरिक BPO मॉडल पर AI के प्रभाव को लेकर कुछ चिंताओं के बावजूद कैपजेमिनी को उम्मीद है कि WNS सौदे से आय में अपेक्षाकृत तेजी से वृद्धि होगी।