LOADING...
BP ने इस देश में खोजा विशाल तेल और गैस भंडार
BP ने ब्राजील में खोजा विशाल तेल और गैस भंडार

BP ने इस देश में खोजा विशाल तेल और गैस भंडार

Aug 05, 2025
02:20 pm

क्या है खबर?

ऊर्जा क्षेत्र की बड़ी कंपनी ब्रिटिश पेट्रोलियम (BP) ने इस सदी की अपनी सबसे बड़ी तेल और गैस भंडार की खोज की है। यह खोज ब्राजील के पूर्वी तट के गहरे समुद्र में बुमेरांगु ब्लॉक में हुई है। कंपनी ने बताया कि यह खोज करीब 500 मीटर के क्षेत्र में फैली है और इसके जरिए कंपनी भविष्य में वहां उत्पादन केंद्र बनाने की संभावना देख रही है। BP इसे अपनी 25 वर्षों की सबसे अहम खोज मान रही है।

योजना

रिन्यूएबल एनर्जी से हटकर फिर जीवाश्म ईंधन पर ध्यान

BP अब रिन्यूएबल एनर्जी से हटकर फिर से जीवाश्म ईंधन की ओर ध्यान दे रही है। कंपनी ने इस साल अपने हरित ऊर्जा निवेश को कम करने का फैसला किया है और तेल-गैस पर सालाना अरबों डॉलर खर्च बढ़ाया है। उसका मानना है कि इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा। BP ने इस साल मेक्सिको की खाड़ी और मिस्र में भी ऊर्जा भंडार खोजे हैं, जिससे उसका उत्पादन और भरोसा दोनों मजबूत हो रहे हैं।

उम्मीद

BP को पुराने घाटों से मिली राहत की उम्मीद

BP को हाल के वर्षों में कई आर्थिक झटके झेलने पड़े हैं। 2020 में कोविड के कारण कंपनी को करीब 5.7 अरब डॉलर (लगभग 500 अरब रुपये) का घाटा हुआ था। फिर 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद रूसी संपत्तियों को बेचने से 25 अरब डॉलर (लगभग 2,200 अरब रुपये) का नुकसान झेलना पड़ा। इसके बावजूद, BP ने दूसरी तिमाही में अपेक्षा से बेहतर नतीजे दिए हैं, जिससे कंपनी को भविष्य के लिए एक नई शुरुआत की उम्मीद मिली है।

नतीजे

तिमाही नतीजों से कंपनी के आत्मविश्वास को मिला बल

दूसरी तिमाही में BP को 2.4 अरब डॉलर (लगभग 210 अरब रुपये) का लाभ हुआ, जो अनुमानित 1.8 अरब डॉलर (लगभग 160 अरब रुपये) से बेहतर है। विश्लेषकों का कहना है कि उत्पादन में बढ़ोतरी और खोज क्षमता को बेहतर बनाने की वजह से यह मुमकिन हुआ है। हारग्रीव्स लैंसडाउन के रिसर्च प्रमुख ने कहा कि तेल और गैस की कम कीमतों के बावजूद BP की समझदारी से बनाई गई रणनीति ने अच्छे नतीजे दिए हैं।