भारत में निवेश दोगुना करेगी ब्लैकस्टोन, 5 साल में 4,800 अरब रुपये लगाने की योजना
क्या है खबर?
अमेरिकी निवेश कंपनी ब्लैकस्टोन भारत में अपना निवेश बढ़ाने की योजना बना रही है। CNBC-TV18 की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगले 5 साल में भारत में अपना निवेश मौजूदा 50 अरब डॉलर (लगभग 4,800 अरब रुपये) से बढ़ाकर 100 अरब डॉलर (लगभग 9,600 अरब रुपये) करना चाहती है। ब्लैकस्टोन के अध्यक्ष जॉन ग्रे ने इंटरव्यू में भारत की आर्थिक वृद्धि, बढ़ते मध्यम वर्ग, बुनियादी सुविधाओं के विकास और तकनीकी क्षमता को निवेश बढ़ाने की अहम वजह बताया है।
रियल एस्टेट
रियल एस्टेट और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर रहेगा जोर
ब्लैकस्टोन भारत में रियल एस्टेट, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में निवेश के अवसर तलाश रही है।
कंपनी के मौजूदा रियल एस्टेट निवेश में लॉजिस्टिक्स, होटल और शॉपिंग सेंटर शामिल हैं। इसके अलावा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कारोबार में भी उसकी दिलचस्पी है।
इसमें डाटा सेंटर, क्लाउड सेवाएं और कंप्यूटिंग क्षमता विकसित करने जैसे क्षेत्र शामिल हैं, जिनकी मांग आने वाले वर्षों में बढ़ सकती है।
कारोबार
भारत में नए कारोबार खड़े करने पर रहेगा ध्यान
जॉन ग्रे के मुताबिक, भारत जैसे तेजी से बढ़ते बाजार में निवेशकों को पहले से चल रहे कारोबार खरीदने के साथ नए व्यवसाय खड़े करने और उनकी क्षमता बढ़ाने पर भी ध्यान देना पड़ता है।
कंपनी ऐसे कारोबारों में निवेश करना चाहती है, जिनकी प्रबंधन टीमें मजबूत हों और जिन्हें आगे बढ़ाया जा सके।
बढ़ते मध्यम वर्ग और सेवाओं की बढ़ती मांग से वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य, यात्रा और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
शेयर बाजार
भारत की आर्थिक वृद्धि और शेयर बाजार पर भरोसा
जॉन ग्रे ने भारत की आर्थिक संभावनाओं और पूंजी बाजार को कंपनी की निवेश योजना के लिए अहम बताया है।
उन्होंने भारत की प्रति व्यक्ति GDP करीब 3,000 डॉलर (लगभग 2.90 लाख रुपये) बताई और कहा कि देश में आगे विकास की काफी गुंजाइश है।
ग्रे के मुताबिक, ब्लैकस्टोन अब तक भारत में 14 कंपनियों के IPO ला चुकी है। कंपनी ने देश के 6 सूचीबद्ध रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट में से 5 को प्रायोजित किया है।