बिल गेट्स की बेटी फोएबे गेट्स पर 'कुकी स्टफिंग' के आरोप, जानें क्या है मामला
क्या है खबर?
माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स की 23 वर्षीय बेटी फोएबे गेट्स पर उनके शॉपिंग स्टार्टअप फिया से जुड़े कथित 'कुकी स्टफिंग' मामले को लेकर सवाल उठे हैं। फिया को उन्होंने स्टैनफोर्ड की साथी सोफिया कियानी के साथ मिलकर शुरू किया था। रिपोर्टों के मुताबिक, वकीलों का कहना है कि अगर कथित गतिविधि को अमेरिकी संघीय वायर फ्रॉड माना जाता है, तो इसमें अधिकतम 20 साल तक की जेल और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।
मामला
क्या है 'कुकी स्टफिंग' का मामला?
फिया एक ब्राउजर एक्सटेंशन है, जो ऑनलाइन खरीदारी के दौरान डिस्काउंट कूपन खोजने में मदद करता है।
सामान्य तौर पर ग्राहक फिया का कूपन इस्तेमाल करता है तो एक छोटी ट्रैकिंग फाइल यानी कुकी बनती है और कंपनी को बिक्री पर कमीशन मिलता है। आरोप है कि कुछ मामलों में खरीदारी में फिया की भूमिका नहीं होने के बावजूद ऐसी कुकी डाली गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, नाइकी, गैप और नॉर्डस्ट्रॉम जैसे रिटेलर्स इससे प्रभावित बताए गए हैं।
अंदरूनी बातें
रिपोर्ट में सामने आईं अंदरूनी जानकारियां
ब्लूमबर्ग की के मुताबिक, फिया के संस्थापकों को इस समस्या की जानकारी जुलाई में बताए गए समय से काफी पहले हो सकती थी।
रिपोर्ट में आंतरिक स्लैक मैसेज और मामले से जुड़े लोगों का हवाला दिया गया है। इसके अनुसार, दिसंबर से कुछ खरीदारी में बिना फिया इस्तेमाल किए भी कुकी डाली जा रही थी।
जून में कंपनी द्वारा दर्ज मर्चेंडाइज वैल्यू का लगभग 51 प्रतिशत कथित कुकी स्टफिंग से जुड़ा बताया गया। कंपनी ने इसे तकनीकी गड़बड़ी कहा था।
जांच
फिया ने फीचर हटाने और जांच की बात कही
फिया के प्रवक्ता ने कहा कि गलत जानकारी देने वाले फीचर्स को 7 जुलाई को ही हटा दिया गया था।
कंपनी लेनदेन की समीक्षा कर रही है और गलत तरीके से मिले कमीशन को ब्रांड पार्टनर्स को वापस करने की प्रक्रिया शुरू कर चुकी है। फिया ने भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए एक अनुपालन प्रमुख नियुक्त करने की बात भी कही है।
वहीं, एफिलिएट नेटवर्क Impact.com ने फिया को निलंबित कर दिया है।