अमेजन में फिर छंटनी की तैयारी, 5,000 डिलीवरी कर्मचारियों की नौकरी पर संकट
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी अमेजन एक बार फिर बड़े स्तर पर कर्मचारियों की छंटनी करने की तैयारी कर रही है। न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अमेरिका में करीब 5,000 डिलीवरी नौकरियां कम कर सकती है। इसके अलावा, न्यूयॉर्क शहर में 15 गोदाम बंद करने की भी संभावना है। इससे करीब 2,000 अन्य कर्मचारियों की नौकरी पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, ये कदम अभी प्रस्तावित हैं और अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
वजह
नए कानून की वजह से बदल सकता है डिलीवरी मॉडल
न्यूयॉर्क में प्रस्तावित डिलीवरी प्रोटेक्शन एक्ट को इस संभावित कटौती की वजह बताया जा रहा है।
इस विधेयक के तहत अमेजन को 5,000 से ज्यादा डिलीवरी कर्मचारियों को सीधे नौकरी देनी पड़ सकती है। फिलहाल ये कर्मचारी करीब 40 बाहरी ठेकेदार कंपनियों के लिए काम करते हैं।
विधेयक के समर्थकों का कहना है कि इससे कर्मचारियों को बेहतर वेतन और काम की सुविधाएं मिलेंगी। हालांकि, विरोध करने वालों को नौकरियां जाने का डर है।
कनाडा
कनाडा में गोदाम बंद होने से भी गई थीं नौकरियां
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेजन ने कनाडा के क्यूबेक क्षेत्र में 7 गोदाम बंद कर दिए थे। इसके बाद करीब 1,900 गोदाम कर्मचारियों और 2,800 डिलीवरी कर्मचारियों की नौकरियां चली गई थीं।
कंपनी की लावल इकाई में कर्मचारियों ने यूनियन बनाने की मुहिम चलाई थी, लेकिन अमेजन ने गोदाम बंद करने और इस मुहिम के बीच किसी संबंध से इनकार किया था।
न्यूयॉर्क के कुछ ठेकेदारों को भी डर है कि नया कानून उनका कारोबार बंद करा सकता है।
आशंका
डिलीवरी महंगी होने और कारोबार पर असर की आशंका
अमेजन का कहना है कि नया कानून लागू होने पर डिलीवरी में ज्यादा समय लग सकता है और ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
कंपनी की ओर से कराए गए एक अध्ययन में अनुमान लगाया गया है कि न्यूयॉर्क के लोगों का सालाना खर्च 664 डॉलर तक बढ़ सकता है। वहीं, कंपनी दुनियाभर में नौकरियां घटाने की प्रक्रिया भी चला रही है।
छंटनी की योजना के बीच कंपनी AI और डाटा सेंटर पर भारी निवेश कर रही है।