अमेजन ने फिर की छंटनी, भारत में भी कर्मचारियों की गई नौकरी
क्या है खबर?
ई-कॉमर्स दिग्गज कंपनी अमेजन ने एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी की है। कंपनी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि इस बार कम संख्या में पद प्रभावित हुए हैं। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत, अमेरिका और ब्रिटेन में कर्मचारी इसकी चपेट में आए हैं। दुनियाभर में 1,000 से कम कॉरपोरेट कर्मचारियों की नौकरी जाने की बात कही जा रही है। यह कटौती अमेजन के मुख्य रिटेल कारोबार समेत कई टीमों में की गई है।
कारोबार
रिटेल कारोबार में बदलाव
अमेजन के मुताबिक, हालिया बदलाव मुख्य रूप से उसके स्टोर्स कारोबार से जुड़े हैं, जो कंपनी के ऑनलाइन रिटेल संचालन का अहम हिस्सा है।
रिपोर्ट के अनुसार, ग्राहक सेवा, सेलिंग पार्टनर सर्विस, मार्केटप्लेस सपोर्ट और रिटेल ऑपरेशन की इंजीनियरिंग टीमों पर भी असर पड़ा है। यह कटौती कंपनी के बड़े पुनर्गठन के बाद हुई है।
2025 के अंत से जनवरी, 2026 के बीच अमेजन ने करीब 30,000 कॉरपोरेट नौकरियां खत्म की थीं।
खर्च
AI पर बढ़ रहा खर्च
नई छंटनी ऐसे समय हुई है जब अमेजन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर निवेश कर रहा है।
कंपनी AI से जुड़े डाटा सेंटर, चिप और दूसरे तकनीकी ढांचे पर रकम खर्च करने की तैयारी में है। अमेजन करीब 220 अरब डॉलर के निवेश की योजना बना रहा है। कंपनी ने मार्च में बेंगलुरु में नया कैंपस खोला था।
11 लाख वर्ग फुट की इस सुविधा से 7,000 से ज्यादा कर्मचारियों को मदद मिलने की उम्मीद है।
छंटनी
ग्रेट इंडियन फेस्टिवल के बीच छंटनी
अमेजन में यह कटौती ग्रेट इंडियन फेस्टिवल के दौरान सामने आई है।
कर्मचारियों ने आंतरिक संचार माध्यमों पर छंटनी की जानकारी साझा की। कंपनी की ओर से भारत से पीछे हटने का संकेत नहीं दिया गया है, बल्कि संसाधनों और कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाने पर जोर है।
इसी बीच सेल में घरेलू सामानों पर 65 प्रतिशत तक छूट भी है। SBI कार्ड से खरीदारी पर 10 प्रतिशत तक छूट है।