इंडिगो से हवाई सफर होगा महंगा, 6 अक्टूबर से बढ़ेगा फ्यूल चार्ज
क्या है खबर?
भारत की बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल चार्ज बढ़ाने का फैसला किया है। एयरलाइन ने 5 अक्टूबर को बताया कि बढ़े हुए चार्ज 6 अक्टूबर, 2026 से की गई सभी नई बुकिंग पर लागू होंगे। कंपनी ने कहा कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमत लगातार बढ़ रही है। हाल में इसकी कीमत में एक महीने में 14 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है, जिससे एयरलाइनों की लागत बढ़ रही है।
चार्ज
घरेलू उड़ानों पर इतना लगेगा चार्ज
नई दरों के तहत 500 किलोमीटर तक की घरेलू उड़ान पर 375 रुपये फ्यूल चार्ज लगेगा। 501 से 1,000 किलोमीटर की उड़ान पर यह 600 रुपये होगा।
1,001 से 1,500 किलोमीटर के लिए 900 रुपये और 1,501 से 2,000 किलोमीटर की दूरी पर 1,150 रुपये देने होंगे। वहीं, 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी वाली घरेलू उड़ान पर 1,300 रुपये फ्यूल चार्ज लिया जाएगा।
यह चार्ज नई बुकिंग पर लागू होगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ान
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर कितना चार्ज?
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए भी दूरी और क्षेत्र के हिसाब से अलग फ्यूल चार्ज तय किया गया है।
SAARC देशों के लिए 500 किलोमीटर तक की उड़ान पर 1,000 रुपये और इससे ज्यादा दूरी पर 3,000 रुपये चार्ज लगेगा। दक्षिण-पूर्व एशिया, GCC, मिडिल ईस्ट और उत्तर व पूर्व एशिया की उड़ानों पर 5,500 रुपये का चार्ज होगा।
अफ्रीका और यूरोप जाने वाली उड़ानों के लिए यात्रियों से 6,000 रुपये फ्यूल चार्ज लिया जाएगा।
बढ़ोतरी
इंडिगो ने बताया मामूली बढ़ोतरी
इंडिगो ने कहा कि फ्यूल की बढ़ती कीमतों का असर कम करने के लिए चार्ज में बढ़ोतरी जरूरी थी, लेकिन कंपनी ने यात्रियों पर इसका असर सीमित रखने की कोशिश की है।
एयरलाइन के मुताबिक, ATF उसकी संचालन लागत का बड़ा हिस्सा है और इसकी कीमत बढ़ने से उड़ानों का खर्च भी बढ़ता है।
घोषणा के बाद इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन के शेयर में NSE पर करीब 0.12 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।