LOADING...
कौन हैं जगुआर लैंड रोवर के पहले भारतीय CEO पीबी बालाजी? 
पीबी बालाजी JLR के पहले भारतीय CEO बने हैं

कौन हैं जगुआर लैंड रोवर के पहले भारतीय CEO पीबी बालाजी? 

Aug 05, 2025
11:20 am

क्या है खबर?

टाटा के स्वामित्व वाली जगुआर लैंड रोवर (JLR) ने पीबी बालाजी को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। वह ब्रिटिश लग्जरी कंपनी में शीर्ष पद संभालने वाले पहले भारतीय हैं। वो वर्तमान में टाटा समूह के ग्रुप मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कंपनी की परिवर्तन यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और नवंबर से JLR की कमान संभालेंगे। आइये जानते हैं बालाजी का इस पद पहुंचने का सफर कैसा रहा।

शुरुआत 

इस कंपनी में हुई करियर की शुरुआत

3 दशकों से कार्यरत अनुभवी वित्त पेशेवर बालाजी ने भारतीय प्रबंधन संस्थान, कलकत्ता से प्रबंधन में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के पूर्व छात्र हैं। उन्हें वित्तीय अनुशासन और रणनीतिक दृष्टि के बीच संतुलन बनाने की उनकी क्षमता के लिए व्यापक रूप से जाना जाता है। उन्होंने 1995 में यूनिलीवर के साथ करियर शुरू किया और भारत, सिंगापुर, यूनाइटेड किंगडम (UK) और स्विट्जरलैंड में कॉर्पोरेट वित्त और सप्लाई चेन में वरिष्ठ पदों पर रहे।

खासियत 

इस कारण बने JLR की पसंद  

टाटा मोटर्स में शामिल होने से पहले उन्होंने हिंदुस्तान यूनिलीवर में CFO के रूप में कार्य किया। दिसंबर, 2017 से JLR बोर्ड में गैर-कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत हैं और टाटा कंज्यूमर, एयर इंडिया और टाइटन इंडस्ट्रीज के बोर्ड में भी विभिन्न पदों पर हैं। हाल के वर्षों में JLR के नेतृत्व के साथ उनके घनिष्ठ सहयोग और वाहन निर्माता की रणनीतिक दिशा की गहरी समझ ने उन्हें CEO की भूमिका के लिए स्वाभाविक पसंद बना दिया।