Page Loader
भारतीय बाजार में अगले साल उतरने वाली हैं ये लग्जरी इलेक्ट्रिक कारें, जानिये खासियत

भारतीय बाजार में अगले साल उतरने वाली हैं ये लग्जरी इलेक्ट्रिक कारें, जानिये खासियत

Nov 01, 2020
10:30 pm

क्या है खबर?

भारत में समय के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन बढ़ता जा रहा है। यही कारण है कि ऑटोमोबाइल कंपनिया एक से एक अच्छी इलेक्ट्रिक कारें भारतीय बाजार में उतार रही हैं। 2021 में ऑडी से लेकर जगुआर तक कई बड़ी कंपनियां अच्छे फीचर्स और बेहतरीन रेंज वाली कारें लेकर आ रही हैं। अगर आप अगले साल लग्जरी इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं तो 2021 में लॉन्च होने वाली ऐसी कारों के बारे में नीचे से जानें।

#1

ऑडी ई-ट्रॉन (Audi e-tron)

ऑडी ई-ट्रॉन कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक SUV है, जिसे 2021 में भारत में लॉन्च किया जाएगा। ऑडी इंडिया के प्रमुख बलबीर सिंह ढिल्लों ने कुछ दिनों पहले ही बताया था कि कंपनी अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार को भारत में 2021 में लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज में 400 किलोमीटर का सफर तय कर सकती है। यह 6.6 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

#2

जगुआर आई-पेस (Jaguar I-Pace)

हाल ही में जगुआर लैंड रोवर के कंट्री हेड ने जानकारी दी थी कि कंपनी 2021 की शुरुआत में भारत में इलेक्ट्रिक SUV आई-पेस लॉन्च करने जा रही है। इस साल की शुरुआत में ही कंपनी ने इसके 2021 वर्जन से पर्दा उठाया था। इसमें नया इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है। कंपनी का दावा है कि यह सिंगल चार्ज पर 470 किलोमीटर की दूरी और 4.8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।

#3

वोल्वो XC40 रिचार्ज (Volvo XC40 Recharge)

भारत में 2021 में लॉन्च होने वाली लग्जरी कारों में वोल्वो XC40 रिचार्ज का नाम भी शामिल है। कंपनी इसे 2021 के मध्य में लाने की तैयारी कर रही है। इसमें भी इसके रेगुलर मॉडल की तरह CMA प्लेटफॉर्म का उपयोग किया गया है। कंपनी के अनुसार इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 400 किलोमीटर की दूरी तय कर सकती है। इसके साथ ही यह 40 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज हो सकती है।

#4

टेस्ला मॉडल एस (Tesla Model S)

टेस्ला मॉडल एस को भी 2021 में भारत में लॉन्च किया जाएगा। इसका 75D वेरिएंट सिंगल चार्ज में 489 किलोमीटर और 100D वेरिएंट सिंगल चार्ज में 632 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। वहीं 75D वेरिएंट 4.2 सेकंड में 0-100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड और 100D वेरिएंट 4.1 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड पकड़ सकता है। ये सभी इलेक्ट्रिक कारें आपके लिए एक अच्छी ऑप्शन साबित हो सकती हैं।