Page Loader
ऑडी e-ट्रॉन से लेकर मर्सिडीज बेंज EQS तक, इस साल भारत आएंगी ये इलेक्ट्रिक कारें

ऑडी e-ट्रॉन से लेकर मर्सिडीज बेंज EQS तक, इस साल भारत आएंगी ये इलेक्ट्रिक कारें

Apr 05, 2021
11:30 pm

क्या है खबर?

इलेक्ट्रिक कारों की ओर ग्राहकों का आकर्षण बढ़ता देख ज्यादातर ऑटो कंपनियां इस क्षेत्र में प्रवेश कर रही हैं। भारत में भी इलेक्ट्रिक कारों की मांग बढ़ रही है। इस कारण ऑटो कंपनियां एक से एक बेहतरीन इलेक्ट्रिक कारें ला रही हैं। ऑडी, टाटा और वोल्वो समेत अन्य कंपनियां जल्द ही अपनी इलेक्ट्रिक कारें भारतीय बाजार में उतारने वाली हैं, जिनकी लॉन्चिंग और फीचर्स आदि के बारे में यहां बताया गया है।

#1

ऑडी e-ट्रॉन (Audi e-Tron)

ऑडी की पहली इलेक्ट्रिक SUV e-ट्रॉन को इस साल जून में लॉन्च किया जा सकता है। आकर्षक लुक वाली इस इलेक्ट्रिक कार में 22 इंच के एलॉय व्हील्स के साथ-साथ सराउंडिंग व्यू कैमरे, क्रूज कंट्रोल, कार कनेक्टेड टेक्नोलॉजी आदि की सुविधा दी जाएगी। यह 4.5 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकेगी। इसकी 95kWh की बैटरी सिंगल चार्ज में 400 किलोमीटर से अधिक की रेंज देगी। इसकी कीमत 1.50 करोड़ रुपये होगी।

#2

वोल्वो XC40 रीचार्ज (Volvo XC40 Recharge)

वोल्वो की इलेक्ट्रिक कार XC40 रीचार्ज को अक्टूबर में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर्स दी जाएंगी। कंपनी का दावा है कि यह 4.9 सेकंड में 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इसमें मिलने वाली 78kWh की बैटरी को एक बार फुल चार्ज करने के बाद वह 418 किलोमीटर की रेंज दे सकती है। कंपनी इसे देश में 60 लाख रुपये के आस-पास उतार सकती है।

#3

टाटा अल्ट्रोज इलेक्ट्रिक वाहन (Tata Altroz EV)

टाटा मोटर्स पिछले साल अपनी लोकप्रिय अल्ट्रोज का इलेक्ट्रिक वर्जन पेश कर चुकी है। खबरों के अनुसार यह जुलाई में बाजार में दस्तक दे सकती है। इसकी अनुमानित कीमत 14 लाख रुपये है। इसमें टाटा की नेक्सन EV की तरह 30.2kWh की दमदार बैटरी दी जाएगी। यह सिंगल चार्ज में 300 किलोमीटर की रेंज देने में सक्षम होगी। इसे 80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 60 मिनट का समय लगेगा।

#4

महिंद्रा eKUV100 (Mahindra eKUV100)

इस साल के अंतिम महीने यानी दिसंबर में भारत में महिंद्रा की eKUV100 को लॉन्च किया जा सकता है। इसमें 40kW की इलेक्ट्रिक मोटर मिलेगी, जो 54.4bhp की अधिकतम पावर के साथ-साथ 120Nm का अधिकतम टॉर्क देगी। यह एक बार फुल चार्ज होने पर 180 किलोमीटर की दूरी तय कर पाएगी। इसकी बैटरी को छह घंटे में पूरा चार्ज किया जा सकेगा। इसे 8.25 लाख रुपये में लॉन्च किया जा सकता है।

#5

मर्सिडीज बेंज EQS (Mercedes Benz EQS)

हाल ही में आई खबरों के अनुसार 15 अप्रैल को वैश्विक स्तर पर मर्सिडीज बेंज की EQS को पेश किया जाएगा। इसे भी इस साल के अंत तक भारत में लॉन्च किया जा सकता है। कंपनी का दावा है कि शानदार फीचर्स से लैस इस इलेक्ट्रिक कार की बैटरी को एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 700 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी। यह सभी कारें एक बेहतर विकल्प साबित हो सकती हैं।