Page Loader
नई कार बीमा के प्रीमियम में पुरानी पाॅलिसी से उठा सकते हैं फायदा, जानिए तरीका 
नई कार के बीमा प्रीमियम में पुरानी कार का NCB ट्रांसफर कर फायदा उठा सकते हैं (तस्वीर: फ्रीपिक)

नई कार बीमा के प्रीमियम में पुरानी पाॅलिसी से उठा सकते हैं फायदा, जानिए तरीका 

Apr 03, 2025
09:51 am

क्या है खबर?

आप पुरानी कार की जगह नई खरीदने का विचार कर रहे हैं तो इसके बीमा पर आप 50 फीसदी तक का फायदा उठा सकते हैं। इस बारे में बहुत कम लोगों को पता है कि आपकी पुरानी कार का बीमा प्रीमियम में फायदा दिला सकता है। इसके लिए आपको बस अपनी पुरानी कार पाॅलिसी पर मिला नो क्लेम बोनस (NCB) नई पॉलिसी में ट्रांसफर करना होता है। आइये जानते हैं क्या होता है NCB और इससे कैसे फायदा मिलेगा।

NCB

क्या होता है NCB?

बीमा कंपनियां पॉलिसीधारकों को नो क्लेम बोनस देती हैं और यह तब दिया जाता है, जब उन्होंने पूरे साल किसी भी प्रकार का बीमा क्लेम नहीं किया। यह लाभ ओन डैमेज (OD) प्रीमियम पर दिया जाता है। पॉलिसी लेने के पहले साल में NCB शून्य होता है और क्लेम नहीं लेने पर हर साल बढ़ता जाता है। पहले साल 20 फीसदी, दूसरे साल 25, तीसरे साल 35, चौथे साल 45 और 5वें साल अधिकतम 50 फीसदी तक पहुंच जाता है।

तरीका 

कैसे ट्रांसफर करें NCB?

प्रीमियम में फायदा उठाने के लिए आपको अपनी पुरानी गाड़ी की बीमा पॉलिसी को रद्द कराना होगा और बीमा कंपनी से NCB प्रमाणपत्र प्राप्त करना होगा। इस प्रमाणपत्र को नई गाड़ी की बीमा पॉलिसी लेते समय प्रस्तुत करना होता है। इस तरह आप अधिकतम 50 फीसदी तक की छूट पा सकते हैं। NCB ट्रांसफर तब ही हो सकता है, जब दोनों गाड़ियों का मालिक एक ही हो और एक ही तरह के वाहन के लिए हो सकता है।