Page Loader
किफायती दाम और अच्छी रेंज के चलते ये इलेक्ट्रिक कारें भारत में मचा सकती हैं धमाल

किफायती दाम और अच्छी रेंज के चलते ये इलेक्ट्रिक कारें भारत में मचा सकती हैं धमाल

Dec 02, 2020
07:30 am

क्या है खबर?

दुनियाभर में इलेक्ट्रिक वाहनों का चलन काफी बढ़ गया है। भारत में भी इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए कई उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल देश में कई ऑटोमोबाइल कंपनियां इलेक्ट्रिक कारें लॉन्च कर रही हैं, लेकिन हर किसी की पहुंच में न होने के चलते इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री रफ्तार नहीं पकड़ सकी है। हालांकि, कुछ ऐसी इलेक्ट्रिक कारें आने की उम्मीद है, जिनसे भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री और चलन बढ़ सकता है।

#1

महिंद्रा eKUV100 (Mahindra eKUV100)

इस साल पेश हुईं कई अच्छी इलेक्ट्रिक कारों में से एक महिंद्रा eKUV100 भी है। इसे इस साल के ऑटो एक्सपो में पेश किया गया था। यह अगले साल भारत में लॉन्च की जाएगी। यह किफायती इलेक्ट्रिक कारों में से एक होगी। इसे 8.25 लाख रुपये (एक्स शोरूम दिल्ली) की शुरुआती कीमत के साथ लॉन्च किया जा सकता है। यह इलेक्ट्रिक कार लिक्विड कूल्ड बैटरी पैक, ऑटो ट्रांसमिशन, फास्ट चार्ज और रिमोट कनेक्शन से लैस होगी।

#2

मारुति वैगनआर इलेक्ट्रिक (Maruti WagonR Electric)

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी ने अभी तक इलेक्ट्रिक कार सेगमेंट में प्रवेश नहीं किया है। इसके बारे में कंपनी की ओर से कोई जानकारी भी नहीं दी गई है कि वह कब बाजार में इलेक्ट्रिक कार उतारेगी। हालांकि, खबरों के अनुसार कंपनी की पहली इलेक्ट्रिक कार वैगनआर हो सकती है। अगर ऐसा हुआ तो इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में बढ़ावा देखा जा सकता है क्योंकि यह पहले से ही लोगों की पसंदीदा कार है।

#3

रेनो जो (Renault Zoe)

रेनो की इलेक्ट्रिक कार जो यूरोपीय बाजारों में अपना धमाल दिखा चुकी है। किफायती दाम और अच्छी रेंज से इसने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपने कदम जमा लिए हैं। इसके बाद अब यह भारत में अपना कमाल दिखाने की तैयारी में है। हाल ही में भारत में टेस्टिंग के दौरान इसे स्पॉट किया गया। हालांकि, कंपनी ने अभी भारत में इसकी लॉन्चिंग की कोई जानकारी नहीं दी है। यह भारतीय ग्राहकों के लिए एक अच्छा ऑप्शन हो सकती है।

#4

फॉक्सवैगन ID.3 (Volkswagen ID.3)

रेनो जो की तरह फॉक्सवैगन ID.3 को भी यूरोपीय बाजारों में काफी पसंद किया गया। कंपनी के अनुसार इसे पसंद किया जाने का कारण इसकी किफायती कीमत है। हिंदुस्तान टाइम्स के अनुसार फॉक्सवैगन के मुताबिक अभी भारतीय बाजार इलेक्ट्रिक कारों के लिए पूरी तरह से तैयार नहीं है। इस कारण यह कहना मुश्किल है कि इसे जल्द ही भारत में उतारा जा सकता है। इसके आने से भारत में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में बढ़ावा हो सकता है।

#5

वोल्वो XC40 रीचार्ज (Volvo XC40 Recharge)

साल 2021 में लॉन्च होने वाली अच्छी इलेक्ट्रिक कारों में वोल्वो XC40 रीचार्ज भी है। इसके आने से भारतीय बाजार में अच्छी इलेक्ट्रिक कारों की लिस्ट बड़ी हो जाएगी। इसे अगले साल जून के बाद भारतीय बाजार में उतारा जा सकता है। इसकी रेंज भी काफी अच्छी होगी और इसकी बैटरी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करेगी। ऊपर बताई गईं इलेक्ट्रिक कारों के अलावा आने वाले समय में टेस्ला मॉडल एस, जगुआर लैंड रोवर की आई-पेस आदि भारत में लॉन्च होंगी।