टेस्ला रोडस्टर का नया अवतार पेश, 2028 में आएगी मस्क की उड़ने वाली खास कार
क्या है खबर?
एलन मस्क की कंपनी टेस्ला ने अपनी नई रोडस्टर कार को दुनिया के सामने पेश किया है। इस कार में स्पेस-X की तकनीक से जुड़े खास थ्रस्टर्स लगाए गए हैं, जिनकी मदद से कार को हवा में उठाने और घुमाने का दावा किया गया है। मस्क ने इसे बेहद खास कार बताया है। कंपनी के मुताबिक, नई रोडस्टर का उत्पादन 2028 में शुरू हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी पूरी कीमत का खुलासा नहीं किया गया है।
डिजाइन
लड़ाकू विमानों से प्रेरित है कार का डिजाइन
नई रोडस्टर का डिजाइन काफी अलग है। सफेद रंग की इस कार का आकार पहले से ज्यादा कोणदार है और यह एक स्पोर्ट्स कार जैसी दिखती है।
टेस्ला के मुताबिक, इसके डिजाइन में SR-71 टोही विमान और F-35 लड़ाकू विमान से प्रेरणा ली गई है। मस्क ने इसकी तुलना जेम्स बॉन्ड की फिल्मों में दिखने वाली कारों से भी की है।
इस कार को पहली बार 2017 में दिखाया गया था, लेकिन इसका उत्पादन कई बार टल चुका है।
दावा
एक सेकंड में 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ने का दावा
टेस्ला ने कार के प्रदर्शन के दौरान इसे हवा में उठते और घूमते हुए दिखाया।
कंपनी का दावा है कि नई रोडस्टर एक सेकंड से भी कम समय में शून्य से करीब 97 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी अधिकतम गति 370 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा बताई गई है।
कंपनी के अनुसार, यह कार एक बार चार्ज होने पर करीब 483 किलोमीटर तक चल सकेगी।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखें पोस्ट
Real life, baby pic.twitter.com/3QEqn18wig
— Tesla (@Tesla) October 16, 2026
मॉडल
3 तरह के मॉडल में आएगी नई कार
टेस्ला रोडस्टर को 3 मॉडल में पेश करेगी, जिनके नाम परफॉर्मेंस, थ्रस्ट और रॉकेट हैं।
परफॉर्मेंस मॉडल सड़क पर चलाने के लिए बनाया गया है और इसमें 2 लोग बैठ सकेंगे। थ्रस्ट मॉडल में पीछे की तरफ खास थ्रस्टर्स लगाए जाएंगे। वहीं, रॉकेट मॉडल में कार के चारों ओर 10 थ्रस्टर्स होंगे।
इस मॉडल में केवल एक व्यक्ति के बैठने की जगह होगी। तीनों मॉडल की बताई गई दूरी और अधिकतम रफ्तार लगभग समान होगी।
कार
हवा की मदद से ऊपर उठेगी कार
टेस्ला के इंजीनियरिंग प्रमुख लार्स मोरावी ने बताया कि कार में 10 थ्रस्टर्स लगाए गए हैं। ये करीब 600 लीटर दबाव वाली हवा से काम करेंगे।
इनकी मदद से कार को हवा में उठाने और घुमाने की योजना है। हवा के टैंक को दोबारा भरा जा सकेगा। कंपनी ने कार के अंदर मौजूद खाली जगह का इस्तेमाल खास टैंक लगाने में किया है।
हालांकि, यह तकनीक आम सड़कों पर कितनी सुरक्षित और उपयोगी होगी, इस पर अभी सवाल हैं।
उत्पादन
2028 में उत्पादन की योजना
टेस्ला ने रोडस्टर का उत्पादन 2028 में शुरू करने की योजना बनाई है।
कंपनी की वेबसाइट पर परफॉर्मेंस मॉडल को बुक करने के लिए 50,000 डॉलर और थ्रस्ट मॉडल के लिए 2.5 लाख डॉलर जमा करने का विकल्प दिया गया है। रॉकेट मॉडल केवल खास लोगों के निमंत्रण पर मिलेगा।
कंपनी ने अभी तीनों मॉडल की अंतिम कीमत और डिलीवरी की तारीख नहीं बताई है। पहले भी इस कार के लॉन्च की तारीख कई बार आगे बढ़ाई जा चुकी है।