टाटा कारों की बिक्री में हुआ 29 फीसदी का इजाफा, जानिए कैसे रहे बिक्री आंकड़े
क्या है खबर?
टाटा मोटर्स ने बुधवार को अपने बिक्री परिणाम जारी किए हैं। सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, मार्च में कारों की कुल बिक्री (घरेलू और निर्यात) 29 फीसदी बढ़कर 66,971 हो गई। इसकी तुलना में पिछले साल मार्च में बिक्री 51,872 रही थी। पिछले महीने घरेलू बिक्री 66,192 रही, जो मार्च, 2025 में 51,616 की तुलना में 28 फीसदी अधिक है। दूसरी तरफ निर्यात के मामले में भी इजाफा हुआ है, जो पिछले साल के 256 से बढ़कर 779 हो गया है।
वित्त वर्ष की बिक्री
कैसी रही है वित्त वर्ष 2026 में बिक्री?
वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कारों की कुल बिक्री 2.01 लाख रही है, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 1.46 लाख रही थी, जो लगभग 37 फीसदी की वृद्धि है। इस दौरान घरेलू बाजार में बिक्री 1.98 लाख रही, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 1.46 लाख था, वहीं निर्यात 2,625 रहा है। पूरे वित्त वर्ष में कुल बिक्री 6.41 लाख रही, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 5.56 लाख थी। घरेलू बिक्री 6.31 लाख रही।
इलेक्ट्रिक वाहन
इलेक्ट्रिक वाहन बिक्री में हुआ इजाफा
इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की बात करें तो पिछले महीने कंपनी ने 9,494 गाड़ियों की बिक्री दर्ज की है, जबकि एक साल पहले यह आंकड़ा 5,353 था, जो 77 फीसदी की वृद्धि दर्शाती है। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में EVs की बिक्री 26,931 रही, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 15,936 थी। यह अब तक की सबसे अधिक तिमाही बिक्री है। वित्त वर्ष 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री 92,120 रही, जबकि वित्त वर्ष 2025 में 64,276 थी।