Page Loader
रॉयल एनफील्ड हिमालय 411 की जगह ले सकती है हिमालयन 450, जल्द होने वाली है लॉन्च
हिमालयन 411 की जगह आएगी नई बाइक

रॉयल एनफील्ड हिमालय 411 की जगह ले सकती है हिमालयन 450, जल्द होने वाली है लॉन्च

Apr 11, 2022
07:30 pm

क्या है खबर?

रॉयल एनफील्ड इन दिनों एक नई हिमालयन 450 बाइक की तैयारी में लगी। इसे बाजार में पहले से मौजूद हिमालय 411 की जगह पर देखा जा रहा है। हिमालयन 411 तीन वेरिएंट के साथ 411cc के इंजन के साथ आती है, जबकि हिमालयन 450 को इंजन अपडेट के साथ लाया गया है। हालांकि, इसके बेस को हिमालयन 411 बाइक से लिया गया है। जानकारी के मुताबिक, नई बाइक के लॉन्च होते ही कंपनी हिमालयन 411 का उत्पादन बंद कर देगी।

डिजाइन

बेस मॉडल से कितना अलग है नई बाइक का लुक?

नई एडवेंचर बाइक को एक ट्रेलिस फ्रेम पर बनाया जाएगा और इसे मौजूदा मॉडल की तुलना में हल्का होने की संभावना है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में हिमालयन 450 एक प्रीमियम बाइक के रूप में नजर आती है, जिसमें बेस मॉडल हिमालयन 411 के लुक को बरकरार रखा गया है।इसमें दिए गए गोल हेडलैम्प और रियर-व्यू मिरर, उभरे हुए फ्रंट फेंडर और चौड़े हैंडलबार को साफ तौर पर देखा जा सकता है।

इंजन

ग्राहकों को मिलेगा अपडेटेड इंजन

नई हिमालयन 450 बाइक में BS6 मानको को पूरा करने वाला 450cc का सिंगल-सिलेंडर, एयर-कूल्ड SOHC इंजन दिया जाएगा, जो 6,500rpm पर 24.3hp की पावर और 4,000 से 4,500rpm पर 32Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। ट्रांसमिशन के लिए इंजन को 5-स्पीड गियरबॉक्स से भी जोड़ा जाएगा। माइलेज की बात करें तो यह 35 किलोमीटर प्रति लीटर की दूरी तय करेगी। बता दें कि इस बाइक को लिक्विड कूल्ड इंजन के साथ भी लॉन्च किया जा सकता है।

फीचर्स

जोड़े गए हैं कई नए सेफ्टी फीचर्स

राइडर की सुरक्षा के लिए रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 बाइक के आगे और पीछे दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए जाएंगे। साथ ही बेहतर हैंडलिंग के लिए इसमें ABS भी हो सकता है। सस्पेंशन ड्यूटी के लिए बाइक में आगे की तरफ इनवर्टेड टेलीस्कोपिक फोर्क्स और पीछे की तरफ मोनो-शॉक यूनिट या ट्विन शॉक एब्जॉर्बर दिए जाएंगे। इसके अलावा भारतीय बाजार में हिमालयन 450 को स्पोक व्हील्स के साथ लॉन्च किया जा सकता है।

जानकारी

इस कीमत पर लॉन्च हो सकती है हिमालयन 450

अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बाइक को 2.7 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया जा सकता है। लॉन्च होने के बाद इसका मुकाबला KTM 390 एडवेंचर से होगा। इसके अलावा इसके डार्क वर्जन को 2025-26 के बीच भी लाया जाएगा।