
ओला ने दिसंबर में बेचे अब तक के सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानिए कितनी यूनिट बिकीं
क्या है खबर?
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ओला इलेक्ट्रिक ने पिछले महीने इलेक्ट्रिक स्कूटर बिक्री में शानदार प्रदर्शन किया है।
सेल्स रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी ने 2023 के अंतिम महीने में 30,219 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जो दिसंबर, 2022 में 25,000 यूनिट थे।
कंपनी ने दावा किया है कि इस दौरान उसकी इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन सेगमेंट में बाजार हिस्सेदारी 40 प्रतिशत पर पहुंच गई है। साथ ही EV निर्माता ने इसे अपनी अब तक की सबसे ज्यादा मासिक बिक्री बताया है।
सालभर में बिक्री
एक साल में बिकीं इतनी यूनिट
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन निर्माता ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया है कि 2023 के 12 महीनों के दौरान उसने 2.65 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे हैं। यह आंकड़ा 2022 में बिके 1.5 लाख यूनिट से काफी ज्यादा है।
साथ ही कंपनी ने 2022 की तुलना में 68 प्रतिशत की वृद्धि के साथ तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) में 83,963 यूनिट बिक्री दर्ज की है।
इसके अलावा, कंपनी ने पिछले महीने 2 साल में 4 लाख इलेक्ट्रिक स्कूटर का उत्पादन का कीर्तिमान भी बनाया।
नवंबर में बिक्री
पिछले महीनों में ऐसे रहे हैं बिक्री आंकड़े
नवंबर में ओला इलेक्ट्रिक की बिक्री देखें तो इस दौरान कंपनी ने 29,808 स्कूटर बेचे थे, जो 2022 के इसी महीने में बिकीं 17,000 यूनिट से ज्यादा थे।
इस दौरान इलेक्ट्रिक स्कूटर सेगमेंट में EV निर्माता की बाजार हिस्सेदारी 35 फीसदी रही थी।
इससे पहले अक्टूबर में कंपनी ने 22,284 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 18,691 यूनिट रहा था। बता दें, कंपनी ने बिक्री बढ़ाने के लिए पिछले महीने स्कूटर्स पर ऑफर पेश किए थे।