MG मैजेस्टर हुई 1.5 लाख रुपये महंगी, जानिए क्या है नई कीमत
क्या है खबर?
ब्रिटिश कार निर्माता MG मोटर्स ने अपनी SUV मैजेस्टर की कीमत में 1.5 लाख रुपये की बढ़ोतरी की है। इस साल की शुरुआत में लॉन्च होने के बाद से कंपनी की 5-मीटर लंबी SUV की कीमत में यह पहली बार बदलाव किया गया है। लॉन्च के समय पेश किया गया इंट्रोडक्टरी ऑफर अब खत्म हो गया है, जिससे यह अब महंगी हो गई है। यह बढ़ोतरी 4x2 सैवी वेरिएंट के लिए है, जो 6 और 7-सीटर कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है मैजेस्टर
मैजेस्टर में कई मोड वाले मसाज फंक्शन के साथ आगे की सीटें, आगे की वेंटिलेटेड सीटें, लम्बर एडजस्टमेंट के साथ 12-वे पावर ड्राइवर सीट, लम्बर एडजस्टमेंट के साथ 8-वे पावर को-ड्राइवर सीट की सुविधा है।
साथ ही पैनोरमिक सनरूफ, 12-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, थ्री-जाेन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर्स हैं।
इसके अलावा, पावर्ड टेलगेट, 12.3-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 12.3-इंच डिजिटल इंफोटेनमेंट सिस्टम, रिवर्स पार्किंग कैमरा, आगे और पीछे पार्किंग सेंसर्स भी मिलते हैं।
कीमत
अब इतनी हुई मैजेस्टर की कीमत
MG मैजेस्टर में 2.0-लीटर, ट्विन-टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन लगा है, जो लगभग 212.55bhp की पावर और 478.5Nm का टॉर्क देता है और इसके साथ 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन मिलता है।
इसके अलावा, SUV में टेरेन मोड्स के साथ फोर-व्हील ड्राइव, 3 डिफरेंशियल लॉक और लो-रेंज ट्रांसफर केस दिया गया है, जो इसे ऑफ-रोडिंग के लिए बहुत काबिल बनाता है।
शुरुआत में इसे 40.99 लाख रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था, जो अब 42.49 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो गई है।