Page Loader
मर्सिडीज बेंज की इलेक्ट्रिक SUV EQB से उठा पर्दा, जानें कब होगी लॉन्च

मर्सिडीज बेंज की इलेक्ट्रिक SUV EQB से उठा पर्दा, जानें कब होगी लॉन्च

Apr 20, 2021
09:30 pm

क्या है खबर?

लग्जरी कार निर्माता मर्सिडीज बेंज ने अपनी इलेक्ट्रिक कार EQB को शंघाई ऑटो शो 2021 में पेश कर दिया है। मर्सिडीज बेंज EQB कंपनी की SUV GLB पर आधारित है। इससे पहले हाल ही में कंपनी ने EQS से पर्दा उठाया था। कंपनी ने EQB की लॉन्चिंग डेट की जानकारी अभी नहीं दी है। हालांकि, इसे सबसे पहले चीन में लॉन्च किया जाएगा। उसके बाद इसे अन्य देशों में उतारा जाएगा। इसके फीचर्स आदि जानने के लिए नीचे पढ़ें।

डिजाइन

कैसा है लुक?

कंपनी इसे कई वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। ग्राहकों के पास फ्रंट और ऑल ड्राइव व्हील (AWD) का ऑप्शन होगा। इसकी डिजाइन और डाइमेंशन्स GLB के लगभग समान ही हैं। इसकी लम्बाई 4,684mm, चौड़ाई 1,834mm और ऊंचाई 1,667mm है। इसमें लंबा बोनट, स्लीक LED हैडलैंप्स, स्लीकर LED टेल लैंप्स और ग्रिल की जगह पियानो ब्लैक पैनल लगाया गया है। इसके पांच सीटर वाले वेरिएंट में 495 लीटर और सात सीटर वाले वेरिएंट में 465 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है।

केबिन

इन सुविधाओं से लैस है केबिन

इंटीरियर की बात करें तो इसके केबिन में डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर समेत दो स्क्रीन्स दी गई हैं। इसके अलावा केबिन में लगे टरबाइन स्टाइल सर्कुलर एयर वेंट्स भी ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। इसके साथ ही मर्सिडीज बेंज EQB का केबिन MBUX इंटीग्रेटेड सिस्टम से लैस है। कंपनी ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल, ESP और ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग आदि की सुविधा दी है।

रेंज

क्या है रेंज?

कंपनी की इस अपकमिंग इलेक्ट्रिक SUV में 66.5kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो 300bhp की अधिकतम पावर देने में सक्षम है। रेंज की बात करें तो इसे एक बार फुल चार्ज करने के बाद यह 400-415 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम है। इसकी बैटरी को 100kW चार्जर से 10-80 प्रतिशत तक चार्ज करने में 31 मिनट का समय लगेगा। इसे 0-100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ने में छह सेकंड का समय लगता है।

जानकारी

क्या होगी कीमत?

इसकी सटीक कीमत लॉन्चिंग के समय ही पता चलेगी। हालांकि, अनुमान लगाए जा रहे हैं कि इसे कंपनी एक करोड़ रुपये में लॉन्च कर सकती है। भारत में इसे 2022 के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।