
मारुति सुजुकी स्विफ्ट का जलवा कायम, पिछले छह महीनों में बिकी सबसे ज्यादा
क्या है खबर?
पिछले कई दशकों से भारतीयों के दिलों में अपनी एक अलग जगह बनाने वाली देश की सबसे बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनी मारुति सुजुकी का जलवा अभी भी जारी है।
वैसे तो इसकी सभी कारों को पसंद किया जाता है, लेकिन इसकी स्विफ्ट अभी भी भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार बनी हुई है।
इसके अलावा भी कई कारों की पिछले छह महीनों में अच्छी बिक्री हुई है।
आइये, पिछले छह महीनों में सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की लिस्ट देखें।
डाटा
जून-नवंबर तक हर महीने बिकीं स्विफ्ट 15,798 यूनिट्स- JATO
जानकारी के लिए बता दें, साल 2005 में लॉन्च होने के बाद से स्विफ्ट औसतन हर साल भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाली कार है।
B सेगमेंट की हैचबैक कार मारुति सुजुकी स्विफ्ट को A सेगमेंट की कारों से ज्यादा पसंद किया जाता है।
जाटो (JATO) डायनामिक इंडिया के द्वारा हाल ही में जारी किए गए आकड़ों के अनुसार जून, 2020 से नवंबर, 2020 तक औसतन हर महीने मारुति सुजुकी स्विफ्ट की 15,798 यूनिट्स बिकी हैं।
जानकारी
टॉप 10 की लिस्ट में मारुति की सात कारें
कोरोना वायरस महामारी के बाद भी सिर्फ स्विफ्ट ही नहीं बल्कि मारुति की और भी कई कारों की इस साल काफी अच्छी बिक्री हुई है।
पिछले छह महीनों में हर महीने सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 कारों की लिस्ट में सात कारें मारुति सुजुकी की हैं।
भारत में पैसेंजर सेगमेंट में बिक्री का कुल 55 प्रतिशत हिस्सा मारुति सुजुकी के नाम है।
मारुति सुजुकी के बाद देश में सबसे ज्यादा हुंडई की कारें बिकती हैं।
टॉप छह
टॉप छह में शामिल हैं ये
मारुति सुजुकी वैगनआर की औसतन हर महीने 14,466 यूनिट्स की बिक्री हुई है। इसके साथ यह स्विफ्ट के बाद सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर है।
वहीं औसतन हर महीने 14,461 यूनिट्स की बिक्री के साथ ऑल्टो 800 तीसरे स्थान पर और 14,316 यूनिट्स की बिक्री के साथ बलेनो चौथे स्थान पर है।
हुंडई क्रेटा 11,480 यूनिट्स के साथ पांचवें और मारुति सुजुकी डिजायर 11,328 यूनिट्स के साथ छठवें स्थान पर है।
किआ सेल्टोस
किआ सेल्टोस भी लिस्ट में शामिल
इसके साथ ही मारुति सुजुकी ईको औसतन 9,522 यूनिट्स के साथ सातवें, हुंडई ग्रैंड i10 9,380 यूनिट्स के साथ आठवें और 8,871 यूनिट्स के साथ मारुति सुजुकी अर्टिगा नौवें स्थान पर है।
बिक्री की इस दौड़ में मारुति सुजुकी और हुंडई के अलावा किआ की सेल्टोस भी शामिल है। देश में सबसे ज्यादा बिकने वाली टॉप 10 की लिस्ट में इसका नाम भी है।
औसतन हर महीने 8,067 यूनिट्स की बिक्री के साथ यह लिस्ट में दसवें स्थान पर है।