Page Loader
XUV700 पर आधारित होगी महिंद्रा की अपकमिंग XUV800 इलेक्ट्रिक, सिंगल चार्ज में चलेगी 500 किलोमीटर
XUV700 पर आधारित होगी महिंद्रा की अपकमिंग XUV800 इलेक्ट्रिक

XUV700 पर आधारित होगी महिंद्रा की अपकमिंग XUV800 इलेक्ट्रिक, सिंगल चार्ज में चलेगी 500 किलोमीटर

लेखन अविनाश
Aug 13, 2022
07:30 am

क्या है खबर?

घरेलू वाहन निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा 15 अगस्त, 2022 को पांच नई बॉर्न इलेक्ट्रिक SUV को अमेरिका में पेश करने वाली है। इसके तहत कंपनी महिंद्रा XUV800 भी पेश करेगी, जो मौजूदा XUV700 पर आधारित है। कंपनी इसमें बड़े बैटरी पैक का इस्तेमाल करेगी, जिससे यह सिंगल चार्ज में 500 किलोमीटर तक की दूरी तय करने में सक्षम होगी। आइये जानते हैं इस कार के बारे में क्या कुछ जानकारी सामने आई है।

लुक

कैसा होगा XUV800 का डिजाइन?

मिडिया रिपोर्ट्स की मानें तो आने वाले पांच मॉडलों में से एक XUV700 का इलेक्टिक वेरिएंट भी होगा और फिलहाल इसे W610 कोडनेम दिया गया है। वहीं, देश में इसे XUV800 नेमप्लेट के साथ उतारा जा सकता है। डिजाइन की बात करें तो यह काफी हद तक महिंद्रा XUV700 के समान होगी। इसका व्हीलबेस 2.75 मीटर होगा। इसमें फुल-LED लाइटिंग सेटअप और नए डिजाइन के हेडलाइट्स और टेललाइट्स दिए जा सकते हैं।

रेंज

सिंगल चार्ज में चलेगी 500 किलोमीटर

जानकारी के अनुसार, महिंद्रा XUV800 में फॉक्सवैगन के MEB इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म में इस्तेमाल किए जा रहे बैटरी सेल और इलेक्ट्रिक मोटर्स को शामिल किया जा सकता है। बैटरी और मोटर के कई पार्ट्स को फॉक्सवैगन की फैक्ट्री से आयात किया जाएगा। वहीं, बैटरी पैक और बैटरी प्रबंधन प्रणाली सहित अन्य सभी महत्वपूर्ण घटकों को महिंद्रा के चाकन स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में बनाया जाएगा। एक बार चार्ज करने पर यह 500 किलोमीटर की दूरी तय करने में सक्षम होगा।

फीचर्स

केबिन में दिए जा सकते हैं ये फीचर्स

जानकारी के अनुसार, महिंद्रा XUV800 में पैनोरमिक सनरूफ के साथ 5-सीटर प्रीमियम केबिन, 2-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर और इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन दिए जा सकते हैं। इसमें सोनी 3D ऑडियो सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, एंड्रायड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिल सकता है। सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेक, क्रूज कंट्रोल, सात एयरबैग, EBD के साथ ABS और स्मार्ट पायलट असिस्टेंस मिल सकता है।

जानकारी

इस कीमत पर लॉन्च होगी महिंद्रा XUV800

महिंद्रा XUV800 को कब तक लॉन्च किया जायेगा, इसकी कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि इस कार को 2023 तक लॉन्च किया जा सकता है। इसकी कीमत 25 लाख से 30 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

महिंद्रा XUV900 को भी इसी महीने की 15 तारीख को पेश किया जाना है। भारतीय बाजार में इसे छह रंगों के विकल्प में लाया जाएगा। इस कार में भी पीछे की तरफ ढलान वाली छत मिलेगी। महिंद्रा इस कार को स्पोर्टी लुक और चार दरवाजों के साथ कूपे डिजाइन में ला रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसमें 350V की बैटरी मिल सकती है, बाद में इसमें एक अधिक शक्तिशाली 380V वर्जन के शामिल होने की भी उम्मीद है।