Page Loader
महिंद्रा XUV 900 के बारे में सामने आई हैं अब तक ये बातें
महिंद्रा XUV 900

महिंद्रा XUV 900 के बारे में सामने आई हैं अब तक ये बातें

लेखन अविनाश
Oct 19, 2021
11:04 am

क्या है खबर?

महिंद्रा ने अपनी XUV 700 को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सबका दिल जीत लिया है। वहीं, कंपनी ने अपनी XUV 900 के प्रोटोटाइप को इसी साल पेश किया था, इसके बाद से ही लोग इस कार के लॉन्च का इंतजार कर रहे हैं। महिंद्रा की यह कार अभी प्रोडक्शन में है और इसे 2023 तक लॉन्च किया जा सकता है। आइये जानते हैं इस कार के बारे में कुछ महत्वपूर्ण बातें।

डिजाइन

महिंद्रा की पहली SUV कूप होगी XUV 900

इस कार के डिजाइन की बात करें तो कार का फ्रंट हाल ही में लॉन्च हुई XUV 700 से काफी प्रेरित हो सकता है। इसके रियर एंड का डिजाइन मर्सिडीज बेंज GLE कूप से काफी मिलता-जुलता है। XUV 900 में भी पीछे की तरफ ढलान वाली छत मिलेगी। महिंद्रा इस कार को स्पोर्टी लुक और दो दरवाजों के साथ कूप डिजाइन में लॉन्च करेगी और इसमें फुल-LED लाइटिंग सेटअप मिलेगा।

इंजन

दमदार होगा कार का इंजन

रिपोर्ट्स के अनुसार महिंद्रा XUV 900 में वही इंजन मिलेगा जो कंपनी के मौजूदा XUV 700 में दिया गया है। कार के डीजल मॉडल में 2.0 लीटर वाले 4-सिलिंडर m-हॉक इंजन मिलेगा है, जो 185hp की पावर और 420Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके पेट्रोल मॉडल को 2.0 लीटर का 4-सिलिंडर वाला टर्बो-इंजन दिया गया है, जो 200hp की पावर और 380Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजनों को 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है।

केबिन

बेहतरीन फीचर्स से लैस होगा कार का केबिन

महिंद्रा XUV 900 में पैनोरमिक सनरूफ के साथ 5-सीटर और 7-सीटर प्रीमियम केबिन, 2-जोन ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर पार्किंग सेंसर और इंजन स्टार्ट-स्टॉप बटन दिए जा सकते हैं। इसमें सोनी 3D ऑडियो सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और एंड्राइड ऑटो और ऐपल कारप्ले को सपोर्ट करने वाला टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम भी मिल सकता है। सेफ्टी फीचर्स की बात करें तो इसमें ऑटोनॉमस इमरजेंसी ब्रेक, क्रूज कंट्रोल, सात एयरबैग, EBD के साथ ABS और स्मार्ट पायलट असिस्टेंस मिल सकता है।

जानकारी

क्या होगी इसकी कीमत?

इस कार को कब तक लॉन्च किया जायेगा, इसकी कोई भी जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि महिंद्रा XUV 900 को 2023 तक लॉन्च किया जा सकता है। इसकी कीमत 20 से 25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) हो सकती है।