Page Loader
महिंद्रा XUV 3XO की डिलीवरी के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, कितने दिन बाद मिलेगी? 
महिंद्रा XUV 3XO के MX1 वेरिएंट का वेटिंग पीरियड सबसे अधिक है (तस्वीर: महिंद्रा)

महिंद्रा XUV 3XO की डिलीवरी के लिए करना पड़ेगा लंबा इंतजार, कितने दिन बाद मिलेगी? 

Mar 15, 2025
12:17 pm

क्या है खबर?

कार निर्माता महिंद्रा एंड महिंद्रा की XUV 3XO की भारतीय बाजार में बढ़ती मांग के चलते इसका वेटिंग पीरियड लंबा हो गया है। इस गाड़ी के लिए मार्च का अपडेटेड वेटिंग पीरियड सामने आया है। इसके अनुसार, टाटा नेक्सन, मारुति ब्रेजा, किआ सोनेट, हुंडई वेन्यू, निसान मैग्नाइट और रेनो किगर जैसी सब-फोर-मीटर SUVs को टक्कर देने वाली इस गाड़ी की प्रतीक्षा अवधि 1 साल तक पहुंच गई है। इसको अभी बुक कराने पर डिलीवरी अगले साल मार्च में मिलेगी।

वेरिएंट 

वेरिएंट के आधार पर कितना है वेटिंग पीरियड?

महिंद्रा XUV 3XO के लिए MX1 वेरिएंट पर सबसे अधिक 52 सप्ताह तक की प्रतीक्षा अवधि लागू है। MX2, MX2 प्रो, MX3 और MX3 प्रो के पेट्रोल और डीजल वेरिएंट के लिए क्रमशः 10 और 2 सप्ताह तक का वेटिंग पीरियड है। इसी तरह AX5 वेरिएंट के पेट्रोल और डीजल वेरिएंट के लिए क्रमशः 8 और 2 सप्ताह तक का इंतजार करना पड़ सकता है। इसके अलावा अन्य सभी वेरिएंट के लिए 2 सप्ताह तक की प्रतीक्षा अवधि है।

उत्पादन 

कंपनी बढ़ा रही गाड़ी का उत्पादन 

कंपनी गाड़ियों का वेटिंग पीरियड कम करने के लिए उत्पादन रणनीति में बदलाव कर रही है। इसी के चलते XUV 3XO और महिंद्रा XUV700 की प्रतीक्षा अवधि में कमी आई है। XUV 3XO के MX1 वेरिएंट को छोड़कर अन्य पर वेटिंग पीरियड कम हुआ है। महिंद्रा XUV 3XO में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन और दूसरा 1.5-लीटर डीजल के साथ मैनुअल और ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन विकल्प मिलते हैं। इस गाड़ी की कीमत 8 लाख से शुरू होकर 15.56 लाख रुपये तक जाती है।