महिंद्रा BE 6 स्पोर्टेक नए फीचर्स के साथ लॉन्च, जानिए कितनी है कीमत
क्या है खबर?
महिंद्रा एंड महिंद्रा ने BE 6 स्पोर्टेक को लॉन्च करके अपनी बॉर्न इलेक्ट्रिक SUV लाइनअप का विस्तार किया है। स्टैंडर्ड BE 6 पर आधारित स्पोर्टेक में ग्राहकों और मीडिया से मिले फीडबैक के आधार पर इंटीरियर में खास बदलाव किए गए हैं। उम्मीद है कि इन अपडेट्स से BE 6 की अपील और बढ़ेगी और इसका इंटीरियर पहले से ज्यादा टेक-सेवी और आरामदायक बनेगा। फॉर्मूला ई फ्रीडम एडिशन को भी अब स्पोर्टेक कैटेगरी में शामिल किया गया है।
एक्सटीरियर
कैसा है इस गाड़ी का लुक?
बाहर से देखने पर BE 6 स्पोर्टेक बिल्कुल स्टैंडर्ड BE 6 जैसा ही दिखता है। लॉन्च एडिशन में नया रंग ग्रेफाइट स्टोन है, जिसमें मैट फिनिश दी गई है।
इसमें पहले की तरह ही स्पेसशिप या बैटमोबाइल जैसा लुक और बेहतरीन एयरोडायनामिक्स मिलते हैं।
इलेक्ट्रिक कार में शार्प क्रीज, बड़े C-शेप के LED DRL सिग्नेचर, स्लीक हेडलाइट्स, LED फॉग लाइट्स, C-शेप की LED टेल लाइट्स, फ्लश डोर हैंडल, जलने वाला BE लोगो, बड़े स्पॉइलर, 19-इंच के पहिए है।
इंटीरियर
इंटीरियर में किया बदलाव
BE 6 स्पोर्टेक के डैशबोर्ड में बड़ा बदलाव किया है और इसमें ट्रिपल-स्क्रीन लेआउट दिया है, जैसा कि महिंद्रा की दूसरी इलेक्ट्रिक ओरिजिन SUV में देखा गया है।
अब यह सेटअप ड्यूल-स्क्रीन सिस्टम से बदलकर ट्रिपल-स्क्रीन सिस्टम हो गया है।
ये तीनों 12.3-इंच की स्क्रीन बेहतरीन कंप्यूटिंग पावर देने का वादा करती हैं, क्योंकि इनमें टॉप-क्लास क्वालकॉम स्नैपड्रैगन चिपसेट का इस्तेमाल किया गया है।
दूसरा बड़ा बदलाव 'हेलो लूप' को हटाया है और इसके स्थान पर एक कप-होल्डर दिया है।
फीचर
इन सुविधाओं से लैस है BE 6 स्पोर्टेक
सेंटर कंसोल में कूलिंग वाले ड्यूल वायरलेस चार्जर, की-स्लॉट, पुश-बटन स्टार्ट, जेट-फाइटर जैसे थ्रस्टर और रूफ-माउंटेड टॉगल, स्टीयरिंग व्हील पर जलने वाला लोगो और इंफोटेनमेंट सिस्टम को नेविगेट करने के लिए गोल डायल जैसी खूबियां हैं।
साथ ही, ब्लैक और टैन रंग की नई इंटीरियर थीम दी गई है।
इसमें ड्राइवर प्रोफाइल के हिसाब से सीट, ORVM, ड्राइव मोड वगैरह को एडजस्ट करने, कस्टम ड्राइव मोड, ट्राइब ड्राइव, रिवाइव और रिवाइव SOS, ड्रिफ्ट मोड और एक्सेलरेशन बूस्ट फीचर मिलते हैं।
कीमत
कितनी है इस गाड़ी की कीमत?
पावरट्रेन की बात करें तो BE 6 स्पोर्टेक में 59kWh और 79kWh बैटरी विकल्प मिलते हैं। बड़ी 79kWh बैटरी पैक फुल चार्ज पर लगभग 683 किलोमीटर की रेंज का दावा करता है।
बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) के साथ इसकी कीमत 11.45 लाख रुपये और बैटरी किराया 3.75 रुपये/किलोमीटर और BaaS के बिना 19.45 लाख रुपये है।
महिंद्रा ने फॉर्मूला ई फ्रीडम एडिशन भी पेश किया है, जिसकी कीमत 24.45-26.95 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच है।