होंडा NX500 एडवेंचर बाइक की शुरू हुई बुकिंग, जल्द दे सकती है दस्तक
जापानी दोपहिया वाहन निर्माता होंडा भारतीय बाजार में NX500 एडवेंचर बाइक जल्द लॉन्च कर सकती है। सोशल मीडिया पर जारी हुए एक डीलर मैसेज से इसके संकेत मिले हैं। इस दोपहिया वाहन के लिए 10,000 रुपये की टोकन राशि पर बुकिंग लेना भी शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि होंडा NX500 की डिलीवरी फरवरी-मार्च में शुरू हो जाएगी। सबसे पहले इस बाइक को नवंबर में इटली में आयोजित EICMA 2023 में प्रदर्शित किया गया था।
बाइक में मिलेगी TFT स्क्रीन
होंडा NX500 एडवेंचर बाइक में बड़ी फेयरिंग, ऑल-LED लाइटिंग और बड़ी विंडस्क्रीन मिलेगी। साथ ही इसमें नया 5-इंच की TFT स्क्रीन दी गई है, जो स्मार्टफोन कनेक्टिविटी के साथ आती है। लेटेस्ट बाइक में सस्पेंशन के लिए सामने की तरफ 41mm शोवा अप-साइड डाउन फोर्क और पीछे की तरफ एक मोनोशॉक यूनिट मिलती है। इसके अलावा, दोपहिया वाहन में ब्रेकिंग के लिए ड्यूल-चैनल ABS के साथ आगे 296mm ड्यूल-डिस्क और पीछे एक सिंगल-डिस्क की सुविधा दी गई है।
हिमालयन के समान है वजन
होंडा NX500 में भी CB500X के समान 471cc, पैरेलल-ट्विन, लिक्विड-कूल्ड इंजन मिलेगा, जो 47.5hp की पावर और 43Nm का टाॅर्क जनरेट करता है। इसका 196 किलोग्राम वजन लगभग नए रॉयल एनफील्ड हिमालयन 450 के बराबर है और इसकी सीट की ऊंचाई 830mm है। इस बाइक की भारतीय बाजार में कीमत 6.5 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के आस-पास रहने की उम्मीद है। यह नई रॉयल एनफील्ड हिमालयन और KTM 390 एडवेंचर जैसी बाइक्स से मुकाबला करेगी।