Page Loader
भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर SUV बनाएगी होंडा, नई रणनीति से करेगी सेगमेंट में वापसी
होंडा इंडिया SUV सेगमेंट में फिर से करेगी फोकस

भारतीय ग्राहकों को ध्यान में रखकर SUV बनाएगी होंडा, नई रणनीति से करेगी सेगमेंट में वापसी

Aug 19, 2021
09:41 am

क्या है खबर?

जापानी कार निर्माता होंडा भारत में हैचबैक, सेडान और क्रॉसओवर सेगमेंट के बाद अब SUV सेगमेंट में अपनी मजबूत पकड़ बनाने की तैयारी में लग चुकी है। होंडा कार्स इंडिया ने पुष्टि की है कि वह 'भारत केंद्रित' SUV विकसित करने के लिए काम कर रही है। बता दें कि जुलाई 2021 तक भारतीय बाजार में SUVs की हिस्सेदारी में 34 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है, जिसे देखते हुए अब कंपनी इस सेगमेंट की ओर ध्यान दे रही है।

जानकारी

40 प्रतिशत होने वाली है SUV सेगमेंट की हिस्सेदारी

कंपनी का कहना है कि उसने अपनी SUV रणनीति में जो बदलाव किया है, वह एक वैश्विक घटना है। हालांकि, कंपनी ने आगामी भारत केंद्रित SUV या इसकी अपेक्षित लॉन्च के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी है। कंपनी के प्रेसिडेंट और CEO गाकू नकानिशी के मुताबिक, पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में SUV सेगमेंट का योगदान आने वाले दिनों में 40 फीसदी को पार करने वाला है। खबर है कि होंडा N7X SUV पर विचार कर सकती है।

रणनीति

रणनीति में किया गया है बदलाव

होंडा ने अपनी SUV रणनीति में बदलाव करते हुए पिछले साल के अंत में अपने ग्रेटर नोएडा प्लांट को बंद कर दिया था और राजस्थान के टपुकड़ा प्लांट को भारत में इसका एकमात्र विनिर्माण आधार बनाया गया। कंपनी का मानना है कि विनिर्माण कार्यों को ट्रिम करने से होंडा को 70 प्रतिशत की क्षमता तक पहुंचकर विनिर्माण सुधार कार्यों में मदद मिली है। इससे पहले कंपनी दो प्लांट के साथ 30 प्रतिशत कपैसिटी पर ही काम कर रही थी।

जानकारी

जारी रहेगा सेडान सेगमेंट पर फोकस

SUV के अलावा होंडा सेडान सेगमेंट पर भी अपना फोकस बनाए रखेगी। हालांकि हाल के दिनों में बिक्री में गिरावट आई है, लेकिन भारत में अभी भी सेडान की पर्याप्त मांग है। कंपनी ने हाल ही में भारत में इसका सबसे महत्वपूर्ण मॉडल अमेज को एक नया रूप दिया है। वित्तीय वर्ष 2021 में 40,778 इकाइयों की बिक्री के साथ यह कॉम्पैक्ट सेडान श्रेणी में दूसरा सबसे लोकप्रिय मॉडल था, जो सिर्फ मारुति सुजुकी डिजायर से पीछे था।

जानकारी

पहले भी ला चुकी है SUV

होंडा भारत में SUV सेगमेंट में नई नहीं है। यह वर्तमान में WR-V ऑफर करती है, जो एक सब-फोर मीटर SUV है। WR-V के अलावा, होंडा भारतीय बाजार में सिटी और अमेज जैसी मिड-साइज और सब-कॉम्पैक्ट सेडान भी पेश करती है। कुछ साल पहले कार निर्माता ने भारतीय ग्राहकों के लिए CR-V और BR-V जैसी SUVs भी पेश की थीं, लेकिन होंडा को दोनों SUVs को बाहर निकालना पड़ा था क्योंकि वे वांछित परिणाम प्राप्त करने में विफल रही थी।

जानकारी

ये हो सकता है नया मॉडल

होंडा ने हाल ही में N7X कॉन्सेप्ट SUV के रूप में नया 7-सीटर SUV कॉन्सेप्ट पेश किया था। यह कॉन्सेप्ट SUV दक्षिण एशियाई बाजारों के लिए होंडा की सबसे नई 7-सीटर SUV है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह भारत में BR-V की जगह ले सकती है।