LOADING...
इलेक्ट्रिक कार बिक्री में पिछले साल हुई 20 फीसदी की वृद्धि, जानिए शीर्ष-3 कंपनियां 
पिछले साल टाटा मोटर्स ने सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक कारें बेची हैं (तस्वीर: टाटा मोटर्स)

इलेक्ट्रिक कार बिक्री में पिछले साल हुई 20 फीसदी की वृद्धि, जानिए शीर्ष-3 कंपनियां 

Jan 11, 2025
05:44 pm

क्या है खबर?

दुनियाभर में भले ही इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में गिरावट आ रही हो, लेकिन भारत में इसमें इजाफा हुआ है। 2024 में भारतीय बाजार में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में 20 फीसदी की वृद्धि हुई है। पिछले साल बेची गईं 40.7 लाख कारों में से करीब 1 लाख इलेक्ट्रिक मॉडल की थीं। पिछले साल गाड़ियों की बिक्री में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी 2.4 प्रतिशत थी। इसकी तुलना में 2023 में 82,688 EVs बिक्री के साथ 2.1 फीसदी हिस्सेदारी थी।

टाटा मोटर्स 

यह कंपनी रही बिक्री में सबसे आगे 

दिग्गज इलेक्ट्रिक कार निर्माता टाटा मोटर्स पिछले साल इस सेगमेंट में 61,496 EVs बिक्री के साथ अग्रणी रही है। इसकी तुलना में उसने 2023 में 60,100 इलेक्ट्रिक कारें बेची थीं, जो सालाना 2.3 फीसदी की बढ़त दर्शाता है। इस दौरान कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 2023 की 73 फीसदी से गिरकर 2024 में 62 फीसदी रह गई है। पिछले साल कंपनी ने पंच और कर्व EV को लॉन्च कर पोर्टफोलियो में इलेक्ट्रिक मॉडल्स की संख्या को 6 तक पहुंचा दिया है।

बढ़त 

MG को बिक्री में मिली जबरदस्त बढ़त 

इलेक्ट्रिक कार बिक्री सूची में MG मोटर्स दूसरे स्थान पर रही है, जिसे विंडसर EV लॉन्च होने के बाद इस सेगमेंट में अच्छी सफलता मिली है। कंपनी ने 2024 में 125 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, जिससे 2023 में बिकी 9,526 गाड़ियों से बढ़कर 21,484 हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा इस मामले में तीसरे स्थान पर थी। कंपनी ने 2024 में 7,104 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं, जो 2023 (4,269) की तुलना में सालाना 66 फीसदी अधिक है।